विदेश : हेलीकॉप्टर हादसे में जिम्बाब्वे के कारोबारी की मौत
जिम्बाब्वे के चर्चित कारोबारी विकनेल चिवायो की हेलीकॉप्टर हादसे में मौत हो गई। इस हादसे में उनकी पत्नी और चार अन्य लोग भी मारे गए। हरारे के पास हुए इस हादसे की जांच शुरू की गई है, जबकि राष्ट्रपति ने उनकी मौत पर शोक जताया। चिवायो कई अफ्रीकी नेताओं के साथ करीबी संबंध रखते थे।

हरारे, एजेंसी। जिम्बाब्वे के चर्चित कारोबारी विकनेल चिवायो की हेलीकॉप्टर हादसे में मौत हो गई। हादसे में उनकी पत्नी और चार अन्य लोगों की भी जान चली गई। राजधानी हरारे के पास बुधवार को हुए इस हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। परिवार के प्रवक्ता हर्बर्ट चिवायो ने बताया कि हादसे में शवों की पहचान करना बेहद मुश्किल और दर्दनाक रहा। हेलीकॉप्टर जमीन से टकराने के बाद ईंधन फैल गया, जिसमें आग लग गई और आसपास की घास भी जल गई। जिम्बाब्वे के राष्ट्रपति एमर्सन मनांगाग्वा के साथ चिवायो के करीबी संबंध थे। राष्ट्रपति ने उनकी मौत पर शोक जताते हुए उन्हें बेहद परोपकारी व्यक्ति बताया।
43 वर्षीय चिवायो अफ्रीकी देशों के कई राष्ट्राध्यक्षों के साथ अपनी नजदीकी के लिए भी चर्चित थे। वह जिम्बाब्वे के मनांगाग्वा के अलावा केन्या के विलियम रूटो, तंजानिया की सामिया सुलुहु हसन, युगांडा के योवेरी मुसेवेनी और नाइजीरिया के बोला टिनुबू समेत कई नेताओं के साथ तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते थे।


