खेल : भांबरी का पैर में खिंचाव के कारण डेविस कप में खेलना संदिग्ध
युकी भांबरी का डेविस कप टेनिस टूर्नामेंट में खेलना संदिग्ध है, क्योंकि उन्हें अभ्यास के दौरान दाहिने पैर में खिंचाव आया है। उन्होंने इसे मामूली चोट बताया है और एशियाई खेलों में भागीदारी को लेकर चिंता नहीं है। भांबरी की स्थिति पर नजर रखी जा रही है और भारतीय टीम वैकल्पिक संयोजनों पर विचार कर रही है।

नई दिल्ली, एजेंसी। युकी भांबरी का यूएस ओपन में मैच से पहले अभ्यास के दौरान दाहिने पैर में खिंचाव आने के कारण भारत के सोल में दक्षिण कोरिया के खिलाफ डेविस कप टेनिस टूर्नामेंट के मुकाबले में खेलना संदिग्ध है। भांबरी गुरुवार की रात को कोरिया के लिए रवाना हुए। भारतीय खिलाड़ियों के पहले बैच के साथ सोल नहीं गए। इससे उनके 18 से 19 तक होने वाले मुकाबले में खेलने को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है। मुकाबले की विजेता टीम आठ टीमों के एलीट डेविस कप फाइनल में जगह पक्की करेगी। भांबरी ने इसे मामूली मोच बताया। उन्होंने कहा कि इस महीने के आखिर में शुरू वाले एशियाई खेलों में उनकी भागीदारी को कोई खतरा नहीं है।
यूएस ओपन के क्वालिफायर मैच से पहले अभ्यास के दौरान मेरे पैर में खिंचाव आ गया था। यह मामूली चोट है। मेरे पूरी तरह फिट होने के लिए कोई समयसीमा तय नहीं है, लेकिन यह कोई गंभीर चोट नहीं है। भांबरी की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। वह अपनी फिटनेस का आकलन करने के लिए देबाशीष दास और यश पांडे सहित भारतीय डेविस कप टीम के सहयोगी स्टाफ के संपर्क में हैं।भांबरी यदि समय पर ठीक नहीं होते हैं तो भारत युगल में वैकल्पिक संयोजनों पर विचार कर सकता है। इसमें एन श्रीराम बालाजी और एकल विशेषज्ञ दक्षिणेश्वर सुरेश की जोड़ी बनाना भी शामिल है। सिद्धार्थ रावत और अर्नव पपार्कर टीम में रिजर्व खिलाड़ी हैं, लेकिन वे एकल में खेलते हैं।


