सबर समुदाय के लिए आजीविका एवं पोषण प्रशिक्षण आयोजित
जमशेदपुर के ढेंगाम में युवा—यूथ यूनिटी फॉर वॉलंटरी एक्शन द्वारा आदिम जनजाति सबर समुदाय के लिए आजीविका एवं पोषण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। 50 सबर परिवारों ने हिस्सा लिया, जिसमें बकरी और मुर्गी पालन तथा सब्ज़ी उगाने के बारे में जानकारी दी गई। इस पहल से सबर परिवारों की आय और पोषण स्तर में सुधार होगा।
जमशेदपुर के ढेंगाम में सामाजिक संस्था युवा—यूथ यूनिटी फॉर वॉलंटरी एक्शन द्वारा आदिम जनजाति सबर समुदाय के लिए एक दिवसीय आजीविका एवं पोषण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कराड़कोचा, ढेंगाम और लांगो गांवों के 50 सबर परिवारों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय संसाधनों के जरिए सबर परिवारों की आय बढ़ाना और पोषण स्तर में सुधार लाना था।प्रशिक्षण के दौरान संस्था के कार्यकर्ताओं ने कम लागत में बकरी पालन, मुर्गी पालन और पोषण वाटिका शुरू करने के तौर-तरीकों की विस्तृत जानकारी दी। प्रतिभागियों को पशुओं के स्वास्थ्य प्रबंधन, टीकाकरण और बीमारियों से बचाव के उपायों के साथ-साथ घर के आसपास की खाली जमीन पर मौसमी एवं हरी सब्जियां उगाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस पहल से परिवारों को ताजी सब्जियां मिलने के साथ अतिरिक्त आमदनी का जरिया भी मिलेगा। कार्यक्रम के अंत में सवाल-जवाब सत्र भी हुआ।


