पौड़ी के युवक को कोतवाली के सामने मारा चाकू, चार लाख गायब
हल्द्वानी में एक युवक को चाकू मार दिया गया जब वह बस से उतरा। युवक डिजिटल मार्केटिंग का काम करता है और चार लाख रुपये का भुगतान करने आया था। हमलावर ने पैसे की मांग की और विरोध करने पर उसने युवक को घायल किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और CCTV फुटेज से हमलावर की पहचान का प्रयास कर रही है।

हल्द्वानी, वरिष्ठ संवाददाता। देहरादून से हल्द्वानी पहुंचे पौड़ी निवासी युवक को बस से उतरते ही अज्ञात ने चाकू मार दी। पैसों की मांग करने पर युवक को चाकू मारने की बात सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक युवक डिजिटल मार्केटिंग का काम करता है और हल्द्वानी में एक कारोबारी को भुगतान करने के लिए आया था। घटना के बाद घायल के बैग से चार लाख गायब बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार पौड़ी निवासी विकास देहरादून में डिजिटल मार्केटिंग का काम करते हैं। हल्द्वानी के कारोबारियों से उनका संपर्क है। बताया जा रहा है कि हल्द्वानी के एक कारोबारी सुनील को उन्होंने चार लाख रुपये का भुगतान करना था।
शनिवार देर रात वह दून से चले और रविवार सुबह करीब चार बजे हल्द्वानी बस अड्डे पहुंचे। यहां बस से उतरते ही एक युवक ने चाकू की नोंक पर विकास से पैसों की मांग की। विरोध करने पर चाकू विकास के पेट में घोंप दिया। एक राहगीर चीख पुकार की आवाज सुन मौके पर पहुंचा और घायल को डॉ.सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया। जहां उसका उपचार किया जा रहा है। विकास के मुताबिक उसके बैग से चार लाख रुपये गायब हैं। एसएचओ विजय मेहता ने बताया कि घटना संज्ञान में है। सीसीटीवी से चाकूबाज की तलाश की जा रही है। रकम गायब होने की भी जांच की जा रही है। घायल इलाज के दौरान पूरी जानकारी नहीं दे पा रहा है।

