सही दिशा मिले तो भारत को विकसित राष्ट्र बनाएंगे युवा
कानपुर में अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर श्रीमद्भगवद्गीता वैदिक शोधपीठ और आर्य युवाशक्ति दल ने कार्यक्रम का आयोजन किया। कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने युवाओं की भूमिका पर चर्चा की। प्रमुख वक्ता प्रियंका पराशर ने राष्ट्रप्रेम और सामजिक उत्तरदायित्व पर कविताएं प्रस्तुत की। कार्यक्रम में अनुशासन और सकारात्मक सोच पर बल दिया गया।

कानपुर। प्रमुख संवाददाता अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर श्रीमद्भगवद्गीता वैदिक शोधपीठ और आर्य युवाशक्ति दल की ओर से छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के तात्या टोपे सीनेट सभागार में युवा, आध्यात्म तथा राष्ट्रनिर्माण में उनकी सहभागिता विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। शुभारंभ मुख्य अतिथि विवि के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक, डॉ. उमेश पालीवाल ने किया। प्रो. पाठक ने कहा कि सही दिशा मिलने पर युवा भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। कार्यक्रम में शोधपीठ के सह-निदेशक अनिल गुप्ता ने शोधपीठ की गतिविधियों और वैदिक ज्ञान के संरक्षण में उसकी भूमिका पर जानकारी दी।
मुख्य वक्ता प्रियंका पराशर ने अपनी कविताओं और गीतों के माध्यम से युवाओं में राष्ट्रप्रेम, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया। सीडीसी निदेशक प्रो. राजेश कुमार द्विवेदी और प्रो. सुधीर कुमार अवस्थी ने युवाओं से अनुशासन, सकारात्मक सोच और राष्ट्रहित में कार्य करने की अपील की। संयोजक ऋषभ श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।


