रील बनाने का क्रेज एक्सप्रेसवे पर मौत को दावत दे रहे युवा
तीन दिन तक हुई बारिश के बाद दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर युवाओं ने रील बनाने के लिए अपनी जान को जोखिम में डाल दिया। भारी ट्रैफिक और तेज रफ्तार गाड़ियों के बीच इन्होंने खतरनाक स्टंट किए। स्थानीय लोगों का मानना है कि पुलिस को इस पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए ताकि बड़ा हादसा टल सके।

तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश के बाद जहां मौसम सुहावना हुआ है।वहीं शुक्रवार दोपहर को कुछ देर के लिए बारिश थमते ही युवाओं का एक गंभीर रूप देखने को मिला। रील बनाने और सोशल मीडिया पर चंद लाइक्स-कमेंट्स बटोरने के जूनून में युवा अपनी जान की परवाह किए बिना दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर उतर आए। जहां भीषण गर्मी के चलते घरो से बाहर निकलना मुश्किल भरा हो गया था। तो तीन दिनो से हुई लगातार बारिश ने गर्मी से राहत दी।शुक्रवार दोपहर जैसे ही बारिश रुकी, कई युवा गांव हसनपुर लुहारी खयावडी कट और एक्सप्रेसवे के मुख्य रास्तों के किनारे बाइक खड़ी कर रील बनाने लगे।
इस दौरान वे चलती गाड़ियों के सामने आकर वीडियो शूट कर रहे थे। तो कुछ एक्सप्रेसवे की रेलिंग पर खतरनाक स्टंट करते दिखे। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर वाहनों की रफ्तार बेहद तेज होती है। यहां गाड़ियां 100 से 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गुजरती हैं। ऐसे में एक्सप्रेसवे के बीच या किनारे पर अचानक किसी के आ जाने से न सिर्फ रील बनाने वालों की जान को खतरा है। बल्कि तेज रफ्तार वाहनों के संतुलन बिगड़ने से कोई भी बड़ा हादसा हो सकता है आए दिन हाईवे और एक्सप्रेसवे पर वाहनों से दुर्घटनाओं मे जान जाने की खबरें सामने आती रहती हैं। पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार चेतावनी दिए जाने और चालान काटने के बावजूद युवाओं के सिर से रील बनाने जूनून उतरने का नाम नहीं ले रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस को ऐसे युवाओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए और एक्सप्रेसवे पर गश्त बढ़ानी चाहिए ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।


