केन नदी पुल पर आत्महत्या करने पहुंचे युवक को पुलिस ने बचाया
बांदा में एक युवक अपने परिवार से नाराज होकर आत्महत्या करने के इरादे से केन नदी बाईपास पुल पर पहुंचा। डायल यूपी-112 और थाना मटौंध की पुलिस ने समय रहते उसे बचा लिया। पुलिस ने युवक को समझाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और बाद में उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

बांदा। परिजनों से नाराज होकर केन नदी बाईपास पुल पर आत्महत्या करने पहुंचे युवक की डायल यूपी-112 और थाना मटौंध पुलिस की संयुक्त टीम ने समय रहते जान बचा ली। पुलिस ने युवक को समझा-बुझाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और बाद में परिजनों के सुपुर्द कर दिया। भूरागढ़ चौकी इंचार्ज अरविंद कुमार ने बताया कि तिंदवारी थाना क्षेत्र के ग्राम अस्करन निवासी व्यक्ति ने 15 सितंबर की देर रात डायल यूपी-112 पर सूचना दी कि उसका बेटा घरवालों से नाराज होकर बाइक लेकर घर से चला गया है। फोन पर बातचीत में उसने बताया कि वह आत्महत्या के इरादे से केन नदी पुल पर खड़ा है।
सूचना मिलते ही वह पुलिस टीम के साथ केन नदी बाईपास पुल पहुंचे। टीम ने युवक से धैर्य और संवेदनशीलता के साथ बातचीत की। काफी समझाने के बाद युवक को बाइक समेत सुरक्षित स्थान पर लाया गया। पूछताछ में उसने बताया कि परिवार से नाराज होकर आवेश में आत्महत्या करने के उद्देश्य से पुल पर पहुंचा था। पुलिस उसे भूरागढ़ चौकी ले गई और परिजनों को सूचना देकर बुलाया। इसके बाद युवक को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।

