युवा शक्ति बनेगी झारखंड की ताकत, आजसू युवाओं को देगी नेतृत्व : सुदेश महतो
आजसू पार्टी के युवा अधिवेशन के समापन पर सुदेश कुमार महतो ने कहा कि युवा झारखंड की शक्ति हैं। उन्होंने युवाओं को नेतृत्व अवसर देने का आश्वासन दिया और सरकार पर आरोप लगाया कि वह जनता की समस्याओं से दूर है। महतो ने युवाओं को रोजगार, शिक्षा, और विकास का वादा किया।

आजसू पार्टी के दो दिवसीय राज्य युवा अधिवेशन के अंतिम दिन केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने कहा कि युवा शक्ति ही झारखंड की सबसे बड़ी ताकत बनेगी और आजसू युवाओं को नेतृत्व का अवसर देगी। उन्होंने कहा कि विरासत में मिली सत्ता के सुख में सरकार जनता और युवाओं की समस्याओं से दूर हो गई है। युवा अपने अधिकार और भविष्य के लिए सड़कों पर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन उनकी आवाज सत्ता तक नहीं पहुंच रही है। अधिवेशन के समापन पर सुदेश महतो के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बिरसा मुंडा टाउन हॉल से बस से चमरिया गेस्ट हाउस स्थित शहीद निर्मल महतो के शहादत स्थल पहुंचकर माल्यार्पण किया और दो मिनट आत्ममंथन किया।
इसके बाद उलियान स्थित समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित कर परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। कदमा गणेश पूजा मैदान में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि निर्मल महतो के सपनों के झारखंड में युवाओं को रोजगार, बेहतर शिक्षा, विकास और सम्मान मिलना था। आजसू युवाओं को केवल कार्यकर्ता नहीं, बल्कि संगठनकर्ता और नेतृत्वकर्ता के रूप में तैयार करेगी। केंद्रीय अध्यक्ष ने कहा कि युवाओं में निर्णय लेने का साहस, नेतृत्व क्षमता और झारखंड के भविष्य को लेकर स्पष्ट सोच विकसित करना पार्टी की प्राथमिकता है। पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस ने कहा कि युवाओं को नेतृत्व देकर विकसित और आत्मनिर्भर झारखंड का सपना साकार करना आजसू का लक्ष्य है। प्रधान प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने भी युवाओं से निर्मल महतो की विचारधारा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। इस दौरान आंदोलनकारी झामुमो नेता कान्हू सामंत अपने समर्थकों के साथ आजसू में शामिल हुए। कार्यक्रम में हजारों युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।


