विकसित भारत प्रश्नोत्तरी में युवाओं से भाग लेने की अपील
बलरामपुर में 'मेरा युवा भारत' द्वारा विकसित भारत प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया जा रहा है, जो युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का प्रयास है। युवाओं से 30 सितंबर तक भाग लेने की अपील की गई है। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को अपने विचार और नवाचार प्रस्तुत करने का मंच प्रदान करना है, ताकि वे प्रधानमंत्री के सामने अपने दृष्टिकोण रख सकें।

बलरामपुर, संवाददाता। युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने और विकसित भारत के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मेरा युवा भारत बलरामपुर की ओर से विकसित भारत प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया जा रहा है। जिला युवा अधिकारी मनीष चंद्र चौधरी ने जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं से अधिकाधिक संख्या में इसमें प्रतिभाग करने की अपील की है। प्रश्नोत्तरी में प्रतिभाग करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर निर्धारित की गई है। जिला युवा अधिकारी मनीष चंद्र चौधरी ने बताया कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की इस पहल का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ना और उन्हें अपने विचार, नवाचार तथा समाधान प्रस्तुत करने का मंच उपलब्ध कराना है।
इस पहल के माध्यम से युवाओं को प्रधानमंत्री के समक्ष विकसित भारत को लेकर अपना दृष्टिकोण प्रस्तुत करने का अवसर भी मिलेगा। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय युवा महोत्सव को अब विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद-2027 के रूप में पुनर्गठित किया गया है। इसके तहत चयन प्रक्रिया पांच चरणों में होगी। पहले चरण में प्रश्नोत्तरी, दूसरे में निबंध प्रतियोगिता, तीसरे में जिला चैंपियनशिप, चौथे में राज्य स्तरीय युवा नेतृत्व संवाद और अंतिम चरण में राष्ट्रीय संवाद होगा। इस प्रक्रिया में चयनित युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा। जिला युवा अधिकारी ने कहा कि युवाओं में देश के विकास को लेकर नई सोच और रचनात्मक क्षमता है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से उन्हें अपनी प्रतिभा और विचारों को बड़े मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है। उन्होंने जिले के सभी पात्र युवाओं से समय सीमा के भीतर अधिकाधिक संख्या में प्रश्नोत्तरी में शामिल होकर राष्ट्र निर्माण के इस महाअभियान का हिस्सा बनने की अपील की। इस दौरान नेहरू युवा केंद्र के जिलेदार पांडेय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


