महिला को मदद का भरोसा देकर गैंगरेप, फोटो-वीडियो भी बनाया
सफीपुर में एक युवक ने महिला को मदद का भरोसा देकर घर बुलाया और कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर दुष्कर्म किया। युवक ने फोटो और वीडियो बनाकर महिला को ब्लैकमेल किया। उसके साथ तीन दोस्तों ने भी शोषण किया। पीड़िता की शिकायत पर चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

सफीपुर, संवाददाता। महिला की मदद का भरोसा देकर युवक ने उसे घर बुलाया। नशीला पदार्थ मिलाकर कोल्ड ड्रिंक पिलाई। बेहोशी की हालत में उससे दुष्कर्म किया। फोटो-वीडियो भी बनाए। इसके बाद ब्लैकमेल कर पीड़िता का शारीरिक शोषण करता रहा। साथ ही अपने तीन दोस्तों से भी महिला के साथ दरिंदगी कराई। पीड़िता की तहरीर पर चारों आरोपितों के खिलाफ सफीपुर थाना में मामला दर्ज किया गया है।कस्बा निवासी एक महिला के मुताबिक, उसका पति तीन साल से दूसरी महिला के साथ रह रहा है। परिवार बचाने और पति के खिलाफ कार्रवाई के लिए वह परेशान होकर भटक रही थी, तभी कस्बे के राहतगंज बाजार निवासी कोटेदार रूमी, बाकरगंज निवासी इमरान और हाता बाजार निवासी फुजैल ने उसकी मदद का भरोसा दिया।
उससे पुलिस को शिकायतें भी दिलवाईं। आरोप है कि जनवरी 2025 को रूमी ने अपने घर बुलाया और कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। बेहोशी जैसी हालत में रूमी ने दुष्कर्म किया। होश में आने पर विरोध किया तो बोला, अश्लील फोटो-वीडियो बना लिए हैं। वायरल कर देगा। इससे पीड़िता सहम गई। फोटो-वीडियो होने की बात कह ब्लैकमेल कर पीड़िता का कई बार शोषण किया। बेटी से जुड़े एक मामले में समझौते के दौरान मिले एक लाख रुपये भी ले लिए। बाद में मोबाइल से वीडियो व फोटो डिलीट करने का भरोसा दिया। दो फरवरी को रुपये वापस करने व वीडियो-फोटो डिलीट करने के बहाने रूमी ने घर बुलाया। वहां रूमी, इमरान और फुजैल के अलावा एक अन्य युवक मौजूद था। रूमी ने उसे रोक लिया और पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। उसके बाद तीनों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। धमकाया कि शिकायत की तो बेटी को जान से मार देंगे। 24 अगस्त को आरोपितों ने उसे उन्नाव शहर बुलाया और वीडियो डिलीट करने का फिर भरोसा दिया। वहां सादे कागजों पर हस्ताक्षर करवाए। थाना प्रभारी संदीप मिश्र ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है, जिसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

