जिसने वासेपुर गैंग का हाथ थामा, उसे मिली मुकदमों की बेड़ियां
‘लम्हों ने खता की थी, सदियों ने सजा पाई...’ कैराना के मशहूर शायर मुजफ्फर इस्लाम रजमी की यह पंक्तियां वासेपुर के युवाओं की कहानी पर सटीक बैठती हैं, जो गैंग्स ऑफ वासेपुर में शामिल होकर अपने भविष्य को बर्बाद कर रहे हैं। पुलिस द्वारा हुई कार्रवाई में कई अपराधी मौत के शिकार हो चुके हैं।

‘लम्हों ने खता की थी, सदियों ने सजा पाई...’ कैराना के मशहूर शायर मुजफ्फर इस्लाम रजमी की यह लाइनें आज वासेपुर के उन दर्जनों युवाओं पर सटीक बैठ रही हैं, जिन्होंने चंद पैसों के लालच और शूटर बनने के शौक में ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ का दामन थाम लिया। गैंग्स से हाथ मिलाने वालों को बदले में सिर्फ और सिर्फ मुकदमों की बेड़ियां ही मिलीं। गैंग्स ऑफ वासेपुर में सिर्फ आकाओं का परिवार ही तबाह नहीं हुआ, बल्कि उनके मोहरे बनकर आए गुर्गों का हस्र भी खौफनाक ही रहा है। अपराध की चमकीली दुनिया का आकर्षण दिखाकर गैंग ने इन लड़कों का इस्तेमाल किया, नतीजा इनका भविष्य सलाखों के पीछे पूरी तरह बर्बाद हो रहा है। पुलिस फाइलों के अनुसार पाकिस्तान में छिपे कुख्यात प्रिंस खान और दुबई में पनाह लेकर अपराध करा रहे उसके बड़े भाई गोपी के गुनाहों के दलदल में अब तक 91 से अधिक स्थानीय और बाहरी युवा फंस चुके हैं। शूटर, रेकी करनेवाले, गिरोह को हथियार देनेवाले, हवाला के जरिए प्रिंस-गोपी तक पैसा पहुंचाने वाले, गैंग से जुड़े हर आदमी की जिंदगी मुकदमों की आग में झुलस रही है। कोई जेल में है तो कोई जमानत पर, लेकिन सच्चाई यह है कि उनकी जिंदगी कोर्ट की तारीखों में उलझती जा रही है।
शूटर बनने निकले थे, पुलिस की गोली का बने शिकार
अपराध के रास्ते पर आगे बढ़ने वाले इन लड़कों में शूटर बनने का खतरनाक शौक देखा जा रहा है। बाइक पर बैठकर फायरिंग करना और रंगदारी के बाजार में खौफ पैदा करना इन्हें चंद लम्हों का रोमांच भले देता हो, लेकिन इसका अंजाम बेहद दर्दनाक रहा है। पुलिस की सख्त कार्रवाई के कारण अब तक कुख्यात प्रिंस खान गिरोह के आठ शातिर पुलिस मुठभेड़ और जवाबी कार्रवाई में गोली का शिकार बन चुके हैं। इनमें से कुछ की जिंदगी भले ही पटरी पर आ जाए, लेकिन यह तय है कि वे अब कभी सीधे पैर चल नहीं पाएंगे।
प्रिंस खान का खास सैफी पर अकेले 40 से अधिक मुकदमे
‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ के इस नए क्राइम सिंडिकेट का सबसे बड़ा उदाहरण सैफ अब्बास नकवी उर्फ सैफी है। सैफी कुछ महीने पहले तक कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान का सबसे खास और भरोसेमंद गुर्गा हुआ करता था। टेक्नोक्रेट बनकर उसने गैंग में खाद-पानी डालने का काम किया। आरोप के अनुसार धमकी भरे मैसेज टाइप करने से लेकर इसे वायरल करने में सैफी की अहम भूमिका थी। दहशत फैलाने के एवज में उसे कुछ वक्त की वाहवाही और पैसा तो मिला, लेकिन आज वह 40 मुकदमे के भारी बोझ तले दबा हुआ है। सैफी जैसे कई अन्य युवक कोर्ट-कचहरी और जेल के ऐसे चक्कर में फंस चुके हैं, जिससे बाहर निकलने का कोई रास्ता उन्हें नजर नहीं आ रहा है। पुलिस के अधिकारियों का मानना है कि एक बार पुलिस की फाइल या दागियों की सूची में दर्ज होने के बाद किसी का मुख्यधारा में लौटना काफी कठिन या यू कहें नामुमकिन हो जाता है।
एसएसपी की अपील- गैंग्स के चंगुल से बचें युवा
धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार लगातार युवाओं से इस गिरोह के चंगुल से बचने की अपील करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर गैंगस्टरों की झूठी शान देखकर युवा गुमराह न हों। माता-पिता को भी अपने बच्चों की हरकतों और उनकी संगत पर पैनी नजर रखनी चाहिए ताकि किसी और का घर इस अपराध की आग में न उजड़े। कोई अपराधी यह कभी न सोचे कि वह बच जाएगा। एक न एक दिन वह कानून के शिकंजे में जरूर आएगा, तब उसके पास अफसोस के सिवाय कुछ नहीं बचेगा।


