माय भारत पोर्टल पर लाइव हुई विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद प्रश्नोत्तरी
फरीदाबाद में विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद की प्रश्नोत्तरी शुरू की गई है। 15 से 29 वर्ष के युवा इस प्रश्नोत्तरी में भाग लेकर अपनी प्रतिभा दिखा सकते हैं। प्रश्नोत्तरी का पहला चरण 17 अगस्त से 30 सितंबर तक चलेगा। उत्तीर्ण प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रधानमंत्री से मिलने का अवसर मिलेगा।

फरीदाबाद, अभिषेक शर्मा। देश के विकास में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद की प्रश्नोत्तरी माय भारत पोर्टल पर शुरू हो गई है। 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा इसमें भाग लेकर अपनी प्रतिभा, ज्ञान और रचनात्मक सोच का प्रदर्शन कर सकते हैं। जिला युवा अधिकारी प्रियंका दलाल ने गुरुवार को पत्रकारों को यह जानकारी दी और युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। उन्होंने बताया कि विकसित भारत चुनौती को पांच चरणों में आयोजित किया जा रहा है। पहला चरण प्रश्नोत्तरी का है, जो 17 अगस्त से 30 सितंबर तक चलेगा।
इसके बाद चयनित युवा निबंध लेखन, जिला चैंपियनशिप और राज्य स्तरीय प्रस्तुति में हिस्सा लेंगे। बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर मिलेगा। अगले वर्ष राष्ट्रीय संवाद 10 से 12 जनवरी तक आयोजित होगा। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित युवाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने और उनके समक्ष विकसित भारत से जुड़े अपने विचार, सुझाव और भविष्य की सोच प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। जिला युवा अधिकारी ने कहा कि युवाओं की रचनात्मक सोच, ज्ञान, नवाचार और नेतृत्व क्षमता विकसित भारत की मजबूत नींव है। उन्होंने जिले के पात्र युवाओं से माय भारत पोर्टल पर प्रश्नोत्तरी में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।


