रामपुर में कोयला कारोबारी के 6.50 लाख हड़पे
रामपुर के केमरी में एक युवक ने असम निवासी कोयला व्यापारी से 6.44 लाख रुपये की धोखाधड़ी की। पीड़ित ने अदालत का सहारा लिया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। आरोपी ने ऑनलाइन भुगतान के बावजूद कोयला नहीं भेजा और पैसे वापस करने से इनकार किया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

रामपुर। केमरी में धोखाधड़ी कर कोयला व्यापारी से करीब साढ़े छह लाख रुपये हड़पने में असम निवासी एक युवक फंस गया है। पीड़ित की शिकायत व कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है। केमरी के मोहल्ला मजुल्लानगर निवासी नवी हसन ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि पिछले करीब तीस साल से वह कोयला खरीदकर ईंट भट्ठों में बेचता है। इसी दौरान उसके संबंध असम के हौजाई जनपद के लंका निवासी पार्था प्रतिम सरकार से हो गए थे। जिससे उसने पहले भी कोयला खरीदा था। बीस फरवरी 2025 को पार्था प्रतिम सरकार से उसका छह लाख 44 हजार रुपये में एक ट्रक कोयले का सौदा तय हुआ था।
जिसकी सारी रकम भी उसने आनलाइन पेमेंट से अदा कर दी थी। काफी दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी ने उसे कोयला भी नहीं भेजा तथा उसकी पेमेंट भी वापस नहीं की। जिसके बाद उसने फोन किया तो आरोपी द्वारा गाली गलौज कर कोयला देने व पेमेंट वापस करने से इन्कार कर दिया। पुलिस द्वारा रिपोर्ट दर्ज न करने पर पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। जिस पर न्यायालय ने थाना पुलिस को आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए। थानाध्यक्ष हिमांशु चौहान ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।


