एक्सपोर्ट की इंडस्ट्री में बूम लाएगा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस-इनोवेशन का फ्यूजन
युवा निर्यातक संवाद कार्यक्रम में राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर हुआ मंथन युवा निर्यातक संवाद कार्यक्रम में राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूम

निर्यात की इंडस्ट्री में आर्टिफिशिल इंटेलिजेंस और इनोवेशन का कांबिनेशन इसे नई ऊंचाईयों तक ले जाएगा। युवा निर्यातक तकनीकों को अपनाकर कारोबार को बुलंदियों तक ले जाने में सक्षम होंगे-यह बात मुरादाबाद में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में दिल्ली रोड स्थित ईपीसीएच हाउस, मुरादाबाद में “युवा निर्यातक संवाद कार्यक्रम” में कही गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा निर्यातकों ने भाग लिया तथा राष्ट्र निर्माण, उद्यमिता, निर्यात संवर्धन और देश की आर्थिक प्रगति में युवाओं की भूमिका पर विचार-विमर्श किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। अध्यक्षता करते हुए यंग एंटरप्रेन्योर सोसाइटी के चेयरमैन जेपी सिंह ने कहा कि मुरादाबाद का निर्यात उद्योग केवल व्यापार और विदेशी मुद्रा अर्जन का माध्यम नहीं, बल्कि लाखों कारीगरों, श्रमिकों, छोटे कारखानेदारों तथा उनके परिवारों की आजीविका का आधार है। उन्होंने युवा निर्यातकों से गुणवत्ता, नवाचार, आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को अपनाने, स्वस्थ व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा बनाए रखने तथा कारीगरों को अपनी सबसे महत्वपूर्ण रचनात्मक पूंजी मानने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि व्यवसाय को राष्ट्रहित से जोड़ते हुए भारतीय हस्तशिल्प, पारंपरिक कारीगरी और मुरादाबाद की पहचान को विश्व बाजार में और अधिक सशक्त बनाना युवा निर्यातकों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र संघचालक सूर्य प्रकाश टोंक ने उपस्थित युवा निर्यातकों को संबोधित करते हुए कहा कि देश की आर्थिक मजबूती और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में युवा उद्यमियों एवं निर्यातकों की अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने युवाओं से व्यवसाय को केवल लाभ अर्जित करने का माध्यम न मानकर उसे राष्ट्र निर्माण और समाज के विकास से जोड़ने का आह्वान किया।
युवाओं की भूमिका
उन्होंने कहा कि युवा निर्यातक अपनी उद्यमशीलता, नवाचार, गुणवत्ता और वैश्विक बाजारों में भारतीय उत्पादों की पहचान स्थापित करके देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने युवाओं से देश की संस्कृति, कारीगरों और भारतीय हस्तशिल्प की समृद्ध विरासत को विश्व बाजार तक पहुंचाने का भी आह्वान किया। इंडिया एक्सपोज़िशन मार्ट लिमिटेड के चेयरमैन एवं ईपीसीएच के महानिदेशक डॉ. राकेश कुमार ने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए युवा निर्यातकों को संबोधित किया। उन्होंने युवा निर्यातकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बदलते वैश्विक व्यापारिक परिदृश्य में युवाओं के लिए अनेक नए अवसर उत्पन्न हो रहे हैं। उन्होंने युवा उद्यमियों से तकनीक, नवाचार, गुणवत्ता और वैश्विक प्रतिस्पर्धा को अपनाते हुए भारतीय निर्यात को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सहभागिता
कार्यक्रम में यंग एंटरप्रेन्योर सोसाइटी के चेयरमैन जे.पी. सिंह, वाइस चेयरमैन गगन दुग्गल, जॉइंट सेक्रेटरी शैलेश खन्ना, कुणाल दवे, प्रिया अग्रवाल, गौरव अग्रवाल, ईशान अग्रवाल, उज्ज्वल अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में युवा निर्यातकों ने सहभागिता की।


