विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग प्रतियोगिता का आयोजन
संतकबीरनगर, निज संवाददाता।गंगा देवी कपिल देव तिवारी पीजी कॉलेज भुजैनी में शुक्रवार को राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग

संतकबीरनगर, निज संवाददाता। गंगा देवी कपिल देव तिवारी पीजी कॉलेज भुजैनी में शुक्रवार को राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग विषय के अंतर्गत विकसित भारत क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी स्वयंसेवियों ने बढ़ चढ़कर प्रतिभाग किया और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार एवं ज्ञान का प्रदर्शन किया।कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संतोष कुमार सिंह ने कहा कि युवा ही किसी भी राष्ट्र की वास्तविक ऊर्जा एवं भविष्य होते हैं। विकसित भारत 2047 का सपना तब तक साकार नहीं हो सकता जब तक हमारी युवा पीढ़ी नवाचार, नेतृत्व और ज्ञान से परिपूर्ण न हो।
इस तरह की प्रतियोगिताओं से छात्रों में तार्किक सोच और राष्ट्रीय चेतना का विकास होता है। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रंगनाथ तिवारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि अनुशासन और सही दिशा में किया गया प्रयास ही युवाओं को एक सच्चा नेतृत्वकर्ता बनाता है। ऐसे संवाद एवं क्विज प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्रों में जिम्मेदार नागरिक बनने और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने की भावना सुदृढ़ होगी। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वयंसेवियों को महाविद्यालय की ओर से पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के सहयोगी दुर्गेश कुमार शुक्ला ने सभी का आभार ज्ञापित कर छात्रों के शैक्षणिक ज्ञान के साथ-साथ समसामयिक विषयों में सहभागिता का उत्साह देखकर उसकी सराहना की। कार्यक्रम का संचालन हरिशंकर शुक्ला ने किया।


