आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण आज की जरूरत :प्राचार्य
बेतिया में 7 दिवसीय युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल समापन हुआ। प्राचार्य डॉ. नवल किशोर बैठा ने प्रतिभागियों को समाज की सेवा में प्रशिक्षण के लिए प्रेरित किया। डॉ. इंदु शुक्ला ने सभी का आभार व्यक्त किया। प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को राहत और बचाव कार्यों के लिए सक्षम बनाना है।

बेतिया । आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण आज के समय की आवश्यकता है। प्रतिभागियों से आह्वान किया गया कि वे प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान एवं कौशल का उपयोग समाज और राष्ट्र की सेवा में करें तथा आपदा की परिस्थितियों में लोगों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहें। उक्त बातें एमजेके कॉलेज के प्राचार्य डॉ नवल किशोर बैठा ने रविवार को कही। कॉलेज में 13 जुलाई से 19 जुलाई तक आयोजित 7 दिवसीय युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यक्रम की नोडल पदाधिकारी डॉ. इंदु शुक्ला ने प्रशिक्षण की संपूर्ण गतिविधियों की जानकारी देते हुए सभी प्रतिभागियों, प्रशिक्षकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को राहत एवं बचाव कार्यों के लिए सक्षम बनाना है। डॉ. वीरेश कुमार राम ने अपने संबोधन में प्रतिभागियों को सेवा, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया तथा प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए कौशल का नियमित अभ्यास करने पर बल दिया। इस अवसर पर एसडीआरएफ टीम के सदस्यों ने भी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया तथा प्रशिक्षण के दौरान प्रदर्शित अनुशासन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। सभी अतिथियों ने इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को युवाओं के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता तथा आपदा प्रबंधन कौशल के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी इनके नियमित आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।


