व्यक्तित्व निर्माण ही राष्ट्र निर्माण की नींव : आकाश
गोला गोकर्णनाथ। सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज में सोमवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के द्वारा युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कक्षा 11 और 12 के विद्यार्थियों ने भाग लिया और मुख्य वक्ताओं से संवाद किया। वक्ताओं ने युवाओं को नागरिक जिम्मेदारियों के माध्यम से देश की प्रगति में योगदान देने पर बल दिया।

गोला गोकर्णनाथ। सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में सोमवार को युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 11 एवं 12 के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक आकाश एवं नगर प्रचारक नितिन मुख्य वक्ता रहे। उन्होंने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा अपने दैनिक कार्यों नागरिक जिम्मेदारियों और सामाजिक सहयोग के माध्यम से देश की प्रगति एवं विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। जिला प्रचारक आकाश ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ व्यक्ति निर्माण समाज सेवा और हिंदुत्व की विचारधारा के माध्यम से युवाओं को समाज से जोड़ते हुए उनमें सकारात्मक भाव विकसित करने का कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि हृदय में पत्थर का अर्थ निर्णय लेते समय व्यावहारिक एवं दृढ़ होना है ताकि कोई व्यक्ति भावनाओं का अनुचित लाभ न उठा सके। वहीं पैर में चक्कर का अर्थ है कि कर्मठ व्यक्ति एवं कार्यकर्ता को सदैव सक्रिय रहना चाहिए और लगातार लोगों के बीच संपर्क एवं भ्रमण करते रहना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने मुख्य वक्ताओं से विभिन्न प्रश्न पूछे जिनके उत्तर भी विस्तार से दिए गए। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य महेंद्र कुमार त्रिपाठी ने दोनों वक्ताओं का धन्यवाद दिया। कार्यक्रम का संचालन नगर कार्यवाह महेंद्र नाथ पाठक ने किया।


