विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग का आयोजन जनवरी में
स्वामी विवेकानंद जयंती (राष्ट्रीय युवा दिवस) के अवसर पर 'विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027' की रूपरेखा जारी की गई है। यह कार्यक्रम 10 से 12 जनवरी 2027 को नई दिल्ली में आयोजित होगा। इसका उद्देश्य युवाओं को 'विकसित भारत 2047' के विजन से जोड़ना है। पंजीकरण माई भारत पोर्टल के माध्यम से होगा।

नैनीताल, संवाददाता। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने स्वामी विवेकानंद जयंती (राष्ट्रीय युवा दिवस) के अवसर पर आयोजित होने वाले ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027’ की रूपरेखा जारी कर दी है। इसका राष्ट्रीय आयोजन 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में होगा।जिला युवा अधिकारी कमल त्रिपाठी ने बताया कि पहल का उद्देश्य युवाओं को ‘विकसित भारत 2047’ के विजन से जोड़ना और उनके विचारों को नीति निर्माण में शामिल करना है। 15 से 29 वर्ष के युवा इसमें भाग ले सकेंगे। पंजीकरण, क्विज और निबंध प्रतियोगिताएं माई भारत पोर्टल के माध्यम से होंगी। इस बार कार्यक्रम में छह ट्रैक रखे गए हैं।
इनमें विकसित भारत चैलेंज, कल्चरल ट्रैक, डिजाइन फॉर भारत, हैक फॉर सोशल कॉज, यूथ एंटरप्रेन्योर्स चैलेंज और यूथ पार्लियामेंट शामिल हैं। यूथ पार्लियामेंट को इस वर्ष यंग लीडर्स डायलॉग के साथ एकीकृत किया गया है। विकसित भारत चैलेंज को देशभर में 10 क्षेत्रीय क्लस्टरों में बांटा गया है। प्रतिभागियों का चयन जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पारदर्शी प्रक्रिया के तहत किया जाएगा।


