शादी का झांसा दे युवती से दुष्कर्म के आरोप में मंगेतर पर मुकदमा
प्रेमनगर में एक युवक ने अपनी मंगेतर को शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और छुपकर वीडियो बना लिया। आरोपी ने इसी वीडियो के जरिए पीड़िता को ब्लैकमेल किया और उसका शारीरिक शोषण किया। प्रेमनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

प्रेमनगर थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपनी मंगेतर को शादी का झांसा दे उसके साथ संबंध बनाए और छुपकर वीडियो बना लिया। इसी वीडियो के जरिए आरोपी पीड़िता को ब्लैकमेल करता रहा और कई बार उसका शारीरिक शोषण किया। आरोपी ने ब्लैकमेल कर पीड़िता के जीजा की बाइक भी हथिया ली और अब सगाई तोड़कर शादी से इनकार कर रहा है। प्रेमनगर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता ने बताया कि उसकी सगाई नौ जुलाई 2025 को बसंत विहार क्षेत्र आमिर खान के साथ हुई थी। आरोप है कि सगाई के बाद आमिर उसे घुमाने के बहाने ले गया और रास्ते में कुछ सामान लेने की बात कहकर अपने कमरे पर ले गया।
वहां उसने पीड़िता के साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए और बिना बताए वीडियो बना ली। बाद में इसी वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर आरोपी उसका शोषण करता रहा। पीड़िता के घरवाले जब भी गांव जाते वह घर आकर जबरदस्ती संबंध बनाता था। इसी दबाव में आरोपी ने पीड़िता से उसके जीजा की बाइक भी ले ली। जब पीड़िता ने बाइक वापस मांगी तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए रिश्ता तोड़ दिया। एअसो प्रेमनगर गिरीश नेगी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ शादी का झूठा वादा कर दुष्कर्म करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता का मेडिकल कराने और बयान दर्ज करने साथ पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

