Hindi Newsदेश न्यूज़Youth Congress passes resolution to appoint Rahu Gandhi as Congress president - India Hindi News

राहुल गांधी को फिर से पार्टी अध्यक्ष बनाने की मांग, यूथ कांग्रेस ने पास किया प्रस्ताव

भारतीय युवा कांग्रेस (यूथ कांग्रेस) ने सोमवार को एक प्रस्ताव पारित कर कहा कि राहुल गांधी को फिर से पार्टी अध्यक्ष बनाया जाना चाहिए। यूथ कांग्रेस ने राहुल गांधी को लेकर कहा कि क्योंकि वह देश...

Ashutosh Ray मालविका मुरली, नई दिल्लीMon, 6 Sep 2021 11:34 PM
share Share
Follow Us on

भारतीय युवा कांग्रेस (यूथ कांग्रेस) ने सोमवार को एक प्रस्ताव पारित कर कहा कि राहुल गांधी को फिर से पार्टी अध्यक्ष बनाया जाना चाहिए। यूथ कांग्रेस ने राहुल गांधी को लेकर कहा कि क्योंकि वह देश में एक इकलौते ऐसे नेता हैं, जो जनता के मुद्दे पुरजोर ढंग से उठा रहे हैं। भारतीय युवा कांग्रेस की ओर से जारी बयान के मुताबिक, गोवा में संगठन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक के बाद यह प्रस्ताव पारित किया गया।

भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने ट्वीट पर प्रस्ताव की एक प्रति साझा करते हुए कहा कि भारतीय युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में, यूथ कांग्रेस ने संयुक्त रूप से एक प्रस्ताव पारित किया कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के संविधान के अनुसार राहुल गांधी को AICC अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया जाना चाहिए। यह लाखों कार्यकर्ताओं की कामना है कि वह बड़ी विपत्ति के समय में हमारा नेतृत्व करें।'

श्रीनिवास बीसी ने आगे कहा कि आने वाले दिनों में युवा कांग्रेस देश हित में सभी ज्वलंत मुद्दों को लेकर सड़कों पर उतरेगी और इस संघर्ष को लोगों तक ले जाएगी। रविवार को शुरू हुई यूथ कांग्रेस की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में नेताओं ने संगठन के सामने चुनौतियों और उन चुनौतियों पर सफलता कैसे प्राप्त की जा सकती है, संगठन के प्रमुख कार्यक्रम, आंतरिक चुनाव, सदस्यता सहित सभी प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की।

भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संयुक्त सचिव कृष्ण अल्लावरू ने कहा कि भारतीय युवा कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता आने वाले दिनों में इस तानाशाही सरकार के खिलाफ लड़ेगा और कांग्रेस पार्टी की विचारधारा और राहुल गांधी जी का संदेश जन-जन तक पहुंचायेगा।

उल्लेखनीय है कि पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद राहुल गांधी ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था। करीब दो वर्षों से सोनिया गांधी पार्टी के अंतरिम अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा रही हैं। युवा कांग्रेस की बैठक में देश और युवाओं से जुड़े कई अन्य मुद्दों पर चर्चा की गई।

अगला लेखऐप पर पढ़ें