लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से किया जानलेवा हमला
हापुड़ के मोहल्ला इंद्रगढ़ी में चार युवकों ने एक युवक पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला किया। शोर मचने पर आरोपी भाग गए। युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हापुड़। थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के मोहल्ला इंद्रगढ़ी के रास्ते से अपने घर आ रहे एक युवक को चार युवकों ने लोहे की रॉड से सिर व नाक पर जानलेवा हमला कर लहूलुहान कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोगों को मौके पर आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। गंभीर हालत में युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बुलंदशहर रोड स्थित आवास विकास कॉलोनी निवासी शुएब ने थाना हापुड़ देहात में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि 4 अगस्त की दोपहर को वह ढाई बजे भैंस बेचकर वापस लघर लौट रहा था, जैसे ही वह इंद्रगढ़ी के रास्ते पर पहुंचा तो मेरठ गेट पुलिस चौकी निवासी फैजान, कोटला निवासी अय्या, जुनैद व एक अज्ञात युवक मिल गए।
चारों युवकों ने उसके साथ गाली-गलौच शुरू कर दी। जिसका विरोध करने पर आरोपियों ने लोहे की रॉड से उस पर हमला कर दिया। सिर व नाक पर लोहे की रॉड से वार करने के कारण वह लहूलुहान हो गया था। किसी प्रकार शोर सुनकर मौके पर आसपास के लोगों को आता देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। किसी प्रकार लोग लहूलुहान हालत में उसे थाने लेकर आए। जहां से उसे मेडिकल के लिए भेज दिया गया। थाना हापुड़ देहात प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर फैजान, अय्या, जुनैद व एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।--------


