पिस्टल के साथ युवक गिरफ्तार
आदापुर में पुलिस ने मुंगेरी पिस्टल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से अपाचे बाइक भी बरामद हुई है। गिरफ्तारी के दौरान चार युवक वहां से भाग निकले। गिरफ्तार युवक ने दो लोगों के नाम बताए हैं। पुलिस अब हथियार तस्करी के संभावित नेटवर्क की जांच कर रही है।

आदापुर, एक संवाददाता। पुलिस ने मुंगेरी पिस्टल के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से अपाचे बाइक भी बरामद कर जब्त की गई है। कार्रवाई धबधबवा गांव के सामने आदापुर छौड़ादानों जीबीसी नहर मुख्य पथ पर की गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक,गुप्त सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष रूपम कुमारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एसएसबी के बेलदरवा बीओपी के जवानों के साथ संयुक्त रूप से नाकेबंदी की।
गिरफ्तारी की प्रक्रिया
इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार युवक वहां पहुंचे। पुलिस ने जैसे ही एक बाइक की तलाशी शुरू की, युवक घबरा गए और भागने लगे। एसएसबी जवानों व पुलिस ने तत्काल पीछा किया और अभिषेक कुमार को खदेड़कर पकड़ लिया, जबकि तीन अन्य युवक मौके से फरार हो गए। गिरफ्तार युवक की पहचान हरसिद्धि थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव निवासी अभिषेक कुमार (26) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से मुंगेरी पिस्टल बरामद हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से अपाचे बाइक भी जब्त कर ली है।
पुलिस की पूछताछ
गिरफ्तार युवक से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है। पूछताछ में उसने दो लोगों के नाम व एक अज्ञात बताए हैं, जिनमें चंदन नामक युवक भी शामिल है। इसकी पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष रूपम कुमारी ने बताया कि पुलिस इन नामों के आधार पर उनके ठिकानों, संपर्कों और गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। फरार युवकों की गिरफ्तारी के लिए भी संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।
हथियार तस्करी की जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मुंगेरी पिस्टल कहां से लाई गई थी और इसे किसे सौंपना था। गिरफ्तार युवक के बैकवर्ड और फॉरवर्ड कनेक्शन को खंगालते हुए हथियार तस्करी के संभावित नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। उसके विभिन्न लोकेशन और संपर्कों की भी जांच की जा रही है।


