लखीसराय : चलती ट्रेन से बैग लेकर उतर रहा रहे युवक को आरपीएफ ने दबोचा
लखीसराय से मनीष की रिपोर्ट लखीसराय, एक प्रतिनिधि। रेलवे में यात्रियों के सामान की

लखीसराय से मनीष की रिपोर्ट लखीसराय, एक प्रतिनिधि।रेलवे में यात्रियों के सामान की चोरी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत आरपीएफ किऊल की टीम ने सोमवार को एक युवक को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार किया। उसके पास से काले रंग के हैंडबैग में रखे 73 हजार रुपये नकद और तीन महंगे मोबाइल फोन बरामद किए गए। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 2.73 लाख रुपये बताई गई है। आरपीएफ के अनुसार, निरीक्षक प्रभारी किऊल प्रशांत कुमार पुलिस बल के साथ किऊल से हाथिदह तक गाजीपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस में यात्री सामान की चोरी रोकने के लिए मार्गरक्षण कर रहे थे।
ट्रेन के हाथिदह स्टेशन पहुंचने से पहले एक युवक काले रंग का हैंडबैग लेकर चलती ट्रेन से उतरता दिखाई दिया। हाथिदह स्टेशन पर आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक रविंद्र प्रसाद यादव भी स्टाफ के साथ यात्री सुरक्षा में तैनात थे। संदिग्ध युवक को देखते ही दोनों टीमों के जवानों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद हैंडबैग से 73 हजार रुपये नकद और तीन चोरी के मोबाइल बरामद हुए। पूछताछ में युवक ने ट्रेन में हैंडबैग चोरी कर भागने की बात स्वीकार की। उसके पास यात्रा का कोई टिकट भी नहीं मिला। गिरफ्तार युवक की पहचान अमित उर्फ मनीष कुमार, पिता मुकेश सिंह, ग्राम इंदुपुर, वार्ड संख्या-03, थाना बड़हिया, जिला लखीसराय के रूप में हुई है। आरपीएफ ने उसे गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए राजकीय रेल पुलिस हाथिदह को सौंपने की प्रक्रिया शुरू की है। आरपीएफ किऊल प्रभारी निरीक्षक प्रशांत कुमार के लिखित आवेदन के आधार पर जीआरपी हाथिदह में कांड दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, मामले में आगे की जांच के दौरान बरामद मोबाइलों और नकदी के संबंध में जानकारी जुटाई जाएगी।


