युवक को कार में डालकर ले जाने का प्रयास, हंगामा
फिरोजाबाद में मंगलवार रात एक युवक को प्रेम प्रसंग के चलते कार से अपहरण की कोशिश की गई। युवक ने शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और कार सवार लोग भाग निकले। पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवती अपने पिता के घर पर रह रही है।

फिरोजाबाद, उत्तर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात प्रेम प्रसंग के मामले को लेकर कार सवारों ने एक युवक को अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। यह देखकर कार सवार वहां से भाग गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। द्वारकापुरी निवासी सूर्यांश मंगलवार रात करीब 10 बजे जिम करके घर वापस लौट रहा था। उसी दौरान टापा चौराहा स्थित महादेव नगर की पुलिया के पास कार सवार लोगों ने उसे रोक लिया और जबरदस्ती उसे कार में बिठाकर ले जाने का प्रयास करने लगे।
युवक के शोर करने पर आसपास के लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई और हंगामा शुरू हो गया। स्थिति बिगड़ती देखकर कार सवार लोग वहां से चले गए। इस दौरान जाम जैसे हालात हो गए। बताया गया है कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है।सूर्यांश का एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा है। पूर्व में दोनों घर से चले गए थे। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप के बाद दोनों घर वापस लौट आए थे। वर्तमान में युवती अपने पिता के घर पर रह रही है। सूचना मिलने पर इलाका पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी रवि त्यागी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

