शिवम और पुष्प ने कुश्ती प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर गौरव बढ़ाया
स्मार्ट सिटी के युवा पहलवान शिवम नागर और पुष्प शर्मा ने कुश्ती प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया। शिवम ने राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता, जबकि पुष्प ने थाईलैंड में एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में रजत पदक प्राप्त किया। दोनों के परिवारों में खुशी का माहौल है।

फरीदाबाद, अभिषेक शर्मा। स्मार्ट सिटी के युवा पहलवान शिवम नागर और पुष्प शर्मा ने कुश्ती प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाया है। शिवम नागर ने रोहतक में संपन्न राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता है। वहीं, बल्लभगढ़ के पंजाबी वाड़ा निवासी पुष्प शर्मा ने थाईलैंड में आयोजित एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में रजत पदक हासिल किया। दोनों पहलवानों की उपलब्धि से उनके परिवारों में खुशी का माहौल है। गांव नीमका निवासी शिवम नागर पिछले आठ वर्षों से राज्य खेल परिसर में जिला खेल विभाग के कुश्ती कोच जयदीप से प्रशिक्षण ले रहे हैं। राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में शिवम ने पहले मुकाबले में चंडीगढ़ के पहलवान को 10-0 से हराया। इसके बाद दूसरे मुकाबले में कर्नाटक के पहलवान को भी 10-0 से शिकस्त दी। सेमीफाइनल में उन्होंने महाराष्ट्र के पहलवान को 8-2 से और फाइनल में दिल्ली के पहलवान को 8-4 के अंतर से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। शिवम को पहलवानी के गुण विरासत में मिले हैं। उनके पिता रामनिवास और चाचा कबड्डी के खिलाड़ी रहे हैं。
भाई-बहन भी राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी
शिवम ने बताया कि उनका छोटा भाई देव भी पहलवान है, जबकि उनकी बहनें मोनिका, कोयल और चंचल जिम्नास्ट हैं। तीनों राष्ट्रीय स्तर की जिम्नास्ट हैं। शिवम प्रतिदिन चार घंटे अभ्यास करते हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय कुश्ती कोच जयदीप के अलावा चाचा बहादुर नागर और विकल्प नागर को भी दिया। शिवम ने पिछले वर्ष राजस्थान के भरतपुर में आयोजित खेलो इंडिया गेम्स में स्वर्ण पदक जीता था। इसके अलावा चंडीगढ़ में आयोजित ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी कुश्ती चैंपियनशिप में कांस्य पदक तथा हरियाणा ओलंपिक खेलों में भी स्वर्ण पदक हासिल किया था।
बेटे की उपलब्धि पर परिवार को गर्व
बल्लभगढ़ के पंजाबी वाड़ा निवासी पुष्प शर्मा ने बताया कि उन्होंने अपने कुश्ती करियर की शुरुआत राज्य खेल परिसर से की थी। वर्तमान में वह नेहा राठी और जगरूप सिंह राठी से प्रशिक्षण ले रहे हैं। उनके पिता मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि उनका परिवार मूल रूप से पलवल के बामनीखेड़ा गांव का रहने वाला है। पुष्प चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी से बीए द्वितीय वर्ष की पढ़ाई भी कर रहे हैं। मनोज कुमार शर्मा बिजली बोर्ड में फोरमैन के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी मां सुनीता शर्मा गृहिणी हैं। पुष्प ने सोनीपत के खरखौंदा में आयोजित अंडर-17 प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त किया था। इसी वर्ष गुरुग्राम में आयोजित हरियाणा स्टेट रेसलिंग चैंपियनशिप तथा छत्तीसगढ़ में आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया। इसके अलावा चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में आयोजित ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी नेशनल गेम्स की सीनियर वर्ग प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, हिसार में आयोजित हरियाणा ओलंपिक में रजत पदक (दूसरा स्थान) हासिल किया।


