झुमरीतिलैया के विवेक झांझरी देश के टॉप-10 सीओओ में शामिल
कोडरमा, हिन्दुस्तान टीम झुमरीतिलैया के युवा विवेक झांझरी ने अपनी प्रतिभा और कार्यकुशलता के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। उन्हे

कोडरमा, हिन्दुस्तान टीम। झुमरीतिलैया के युवा विवेक झांझरी ने अपनी प्रतिभा और कार्यकुशलता के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। उन्हें देश के 10 सर्वश्रेष्ठ चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (सीओओ) में शामिल किया गया है। विवेक प्रसिद्ध व्यवसायी व समाजसेवी सुरेश झांझरी के पुत्र हैं और वर्तमान में बेंगलुरु की आईटी कंपनी में कार्यरत हैं। वित्तीय बाजार, आयात-निर्यात, वैश्विक उद्योगों में बदलाव और कारोबारी क्षेत्र से जुड़ी रिपोर्ट प्रकाशित करने वाली बिजनेस पत्रिका ट्रेडफ्लॉक ने अपने प्रकाशन के प्रथम पृष्ठ पर विवेक झांझरी की तस्वीर के साथ उन्हें देश के 10 सर्वश्रेष्ठ चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर में शामिल किया है। यह उपलब्धि उनके अथक परिश्रम, कंपनी के प्रति समर्पण और निरंतर योगदान का परिणाम मानी जा रही है。
विवेक की उपलब्धि
विवेक की उपलब्धि पर उनके जन्मस्थान झुमरीतिलैया पहुंचने पर माता-पिता, परिजनों और जैन समाज के लोगों ने खुशी जताई। लोगों ने कहा कि छोटे शहर से निकलकर किसी युवा का राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष कॉरपोरेट नेतृत्व में पहचान बनाना पूरे कोडरमा जिले और झारखंड के लिए गौरव की बात है।
शिक्षा का सफर
विवेक झांझरी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा झुमरीतिलैया से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने अजमेर के मेयो कॉलेज से शिक्षा हासिल की। शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने कॉरपोरेट क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और कार्यकुशलता के दम पर अलग पहचान बनाई।
प्रेरणा का स्रोत
वार्ड पार्षद पिंकी जैन ने विवेक झांझरी को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि जिले के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। व्यापार जगत में राष्ट्रीय स्तर पर इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल करना कोडरमा के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि विवेक की सफलता जिले के अन्य युवाओं को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।


