दुष्कर्म के आरोपी ने पीड़िता के भाई को बंधक बनाकर कोर्ट में बदलवाया बयान
हजरतगंज में दर्ज दुष्कर्म के मुकदमे में पीड़िता ने आरोपी पर सनसनीखेज आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि उसके छोटे भाई को अगवा कर आरोपी ने कोर्ट में बयान दिलवा दिया। पीड़िता ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। वह बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा है।

हजरतगंज में दर्ज दुष्कर्म के मुकदमे में पीड़िता ने आरोपी पर सनसनीखेज आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि उसके 11 साल के छोटे भाई को अगवा कर आरोपी ने कोर्ट में अपने पक्ष में बयान दिलवा दिया। वह निजी तस्वीरें वायरल करने और भाई की हत्या की धमकी देकर समझौते का दबाव बना रहा है। पीड़िता ने गौतमपल्ली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। पीड़िता गोमतीनगर के एक इलाके में मां के साथ किराए के मकान में रहती है। वह विवि में बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा है। पीड़िता के अनुसार, स्कूल में पढ़ाई के दौरान आरोपी सम्राट गुप्ता (28) ने उससे दोस्ती की और बहला-फुसलाकर उसकी निजी तस्वीरें ले लीं। उन्हीं फोटो को वायरल करने की धमकी देकर वह उसे परेशान करता रहा। आरोप है कि 18 दिसंबर 2024 को सम्राट ने उसके साथ दुष्कर्म किया और मां के सोने के झुमके व चांदी की पायल लूट ले गया। इस पर 19 दिसंबर 2024 को हजरतगंज थाने में मुकदमा संख्या 356/24 दर्ज हुआ। पीड़िता का आरोप है कि केस दर्ज होने के बाद आरोपी, उसकी मां और साथी समझौते का दबाव बनाने लगे। बयान से पहले आरोपी ने उसके छोटे भाई को बंधक बना लिया। कोर्ट में बयान के दौरान भाई की हत्या की धमकी दी गई, जिसके डर से उसने आरोपी के पक्ष में बयान दे दिया। कुछ दिन बाद भाई को छोड़ दिया गया。
घर बदलने पर भी करता है पीछा, असलहा दिखाकर धमकाता है
युवती ने बताया कि डर से वह अपना घर बदलकर दूसरी जगह रहने लगी। लेकिन आरोपी वहां भी पीछा करने लगा। आरोप है कि वह आधी रात को ताला तोड़कर घर में घुसकर अभद्रता व मारपीट करता है, मां के कार्यस्थल पर जाकर बदनाम करने की कोशिश करता है और बिना नंबर वाली काली फिल्म लगी स्विफ्ट कार से पीछा कर असलहा दिखाकर धमकाता है। पीड़िता ने कहा कि उसके पास घर में घुसने, पीछा करने और आपत्तिजनक कॉल की ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग है। गौतमपल्ली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है。


