देर रात पहुंचा ड्रोनमैन का शव, नम आंखों के बीच हुआ अंतिम संस्कार
महराजगंज के सिसवा के इंदिरा नगर निवासी युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह की लखनऊ में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनके शव को घर लाने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। उनका अंतिम संस्कार गुरुवार को खेखड़ा घाट पर किया गया, जहाँ क्षेत्र के लोगों और जनप्रतिनिधियों ने नम आंखों से विदाई दी।
महराजगंज, वरिष्ठ संवाददाता। सिसवा के इंदिरा नगर असमन छपरा निवासी ड्रोनमैन के नाम से प्रसिद्ध युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह की लखनऊ में हुई संदिग्ध मौत के बाद बुधवार की देर रात शव उसके घर पहुंचा। शव पहुंचते ही कोहराम मच गया। परिजनों की चीत्कार सुनकर लोगों का कलेजा कांप जा रहा था। गुरुवार को बेलवा के खेखड़ा घाट पर उसका अंतिम संस्कार किया गया और उसके पिता संजय सिंह ने मुखाग्नि दी। इस दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों व लोगों की भारी भीड़ रही और लोगों ने नम आंखों से इस युवा वैज्ञानिक को अंतिम विदाई दी।परिजनों के अनुसार मंगलवार को लखनऊ के नोवाटेल होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में राहुल का शव मिलने के बाद पुलिस ने बुधवार को वीडियो कैमरे के निगरानी में पोस्टमार्टम हुआ।
इसके बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। उसके पिता संजय सिंह, भाई रोहित सिंह और अन्य परिजन देर रात शव लेकर घर पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। राहुल के अंतिम संस्कार में नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरिजेश जायसवाल, कोठीभार थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा, सिसवा चौकी प्रभारी दिव्य प्रकाश मौर्य, अखिलेश सिंह, नौतनवा थाना प्रभारी धर्मेंद्र राय, सुरेंद्र मल्ल, मनीष पटेल, सिन्दुरिया, निचलौल एवं बरगदवा थानों के प्रभारी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।


