बंधक बनाकर मारपीट कर नकदी व मोबाइल छीनने का आरोप
मीरापुर में एक युवक ने दो युवकों और एक युवती पर आरोप लगाया कि उन्होंने उसे जबरन बंधक बना कर लोहे की रॉड से पिटाई की और 10,000 रुपये व मोबाइल छीन लिया। युवक ने आरोपियों से बचकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और उचित कार्रवाई की जाएगी।

मीरापुर। रिश्तेदारी में आ रहे एक युवक ने दो युवकों व एक युवती पर उसे जबरन बंधक बनाकर उसकी लोहे की रॉड से पिटाई करने तथा 10 हजार रुपये व मोबाइल छीनने का आरोप लगाया। पीड़ित ने बंधनमुक्त होकर पुलिस को सूचना दी। मेरठ जनपद के मवाना निवासी दिलशाद पुत्र जुल्फिकार ने मीरापुर थाने में तहरीर देते हुए बताया कि बुधवार की देर शाम वह मीरापुर में अपनी रिश्तेदारी में आया था। आरोप है कि जैसे वह थाना चौराहा पर बस से उतरा तभी दो युवकों ने एक युवती के माध्यम से उसे बुलाया और उसे जबरन बाइक पर बैठाकर मीरापुर में ही सब्जी मंडी के पीछे स्थित एक मकान में ले गए।
जहां उसे एक कमरे में जबरन बंधक बनाकर उसकी लोहे की रॉड से निर्ममता से पिटाई की और उसके 10 हजार रुपये व मोबाइल छीन लिया। युवक ने बताया कि कुछ लोगों की मदद से वह बंधनमुक्त होकर वहां से निकला। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इंस्पेक्टर इन्द्रजीत सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामला एक चर्चित महिला से संबंधित है। रुपये छीनने व पिटाई करने की जांच की जा रही है। सत्यता पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

