उसरैना में फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव
बिहार के उसरैना गांव में एक नव विवाहिता प्रीति कुमारी का शव रविवार को फंदे से लटका हुआ मिला। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रीति की शादी छह महीने पहले हुई थी और उनके पति लुधियाना में काम करते हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन मायके वालों की स्थिति पर अभी कोई बयान नहीं आया है।

परिहार। बेला थाना क्षेत्र के इंडो-नेपाल सीमा पर स्थित उसरैना गांव में रविवार की दोपहर एक नव विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला। इसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान नवीन पाल की 20 वर्षीया पत्नी प्रीति कुमारी के रूप में हुई है। घटना की सूचना पर प्रभारी थानाध्यक्ष अमित कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सीतामढ़ी में भेज दिया। इधर, पुलिस ने मायके वालों को सूचना देकर बुलवा लिया है। हालांकि मायके वालों की तरफ से फिलहाल कोई बयान सामने नहीं आया हैं।
जानकारी के मुताबिक प्रीति का मायका नेपाल के महोत्तरी जिला अंतर्गत गौशाला बाजार थाना के शिव नगर गांव में है। करीब 6 माह पूर्व उसकी शादी उसरैना निवासी नवीन पाल से हुई थी। फिलहाल नवीन एवं उसका बड़ा भाई लुधियाना में रहकर सिलाई का काम करता है। घर में प्रीति के अलावा उसकी जेठानी एवं सास है। जेठानी वीणा देवी ने बताया कि रविवार की दोपहर वह सास को खाना देने सरेह में गई थी। लौटने पर देखा कि प्रीति घर के अंदर बरेरी में अपनी दुपट्टा से फंदे में लटकी हुई थी। इसके बाद उसने शोर मचाया तो ग्रामीण जुटे और पुलिस को सूचना दी गई। वीणा देवी ने बताया कि प्रीति अपने पति को नहीं पसंद करती थी। जिसके चलते वह पति से ठीक से बात भी नहीं किया करती थी।इस संदर्भ में प्रभारी थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि मामले की जांच विभिन्न बिंदुओं पर की जा रही हैं। पोस्टमार्टम के बाद बिसरा सुरक्षित रखने के लिए बोला गया हैं। साथ ही घटनास्थल पर जांच के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया हैं।


