रेस वॉक में हिमांशी ने जीता कांस्य, जिले का नाम किया रोशन
छिबरामऊ की होनहार एथलीट हिमांशी ने लखनऊ के गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित 61वीं यूपी स्टेट ओपन जूनियर एथलेटिक चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। उन्होंने अंडर-18 वर्ग की 3000 मीटर रेस वॉक प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त किया। उनकी यह दूसरी कांस्य पदक है।

छिबरामऊ, संवाददाता। लखनऊ के गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में 4 से 6 अक्टूबर तक आयोजित 61वीं यूपी स्टेट ओपन जूनियर एथलेटिक चैंपियनशिप (बी) 2026 में छिबरामऊ की होनहार एथलीट हिमांशी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। हिमांशी ने अंडर-18 वर्ग की 3000 मीटर रेस वॉक प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया। हिमांशी पुत्री अवधेश बाबू, छिबरामऊ स्पोर्ट्स एंड फिजिकल अकादमी में नियमित रूप से अभ्यास करती हैं। उनकी इस उपलब्धि पर अकादमी के कोच अमित राजपूत और कोच हर्षित यादव ने खुशी जताते हुए कहा कि हिमांशी ने कड़ी मेहनत और अनुशासन के दम पर यह सफलता हासिल की है।
यह उनका इस वर्ष का दूसरा कांस्य पदक है। कोच ने बताया कि प्रतियोगिता में हिमांशी ने राष्ट्रीय स्तर पर चयन के लिए शानदार प्रदर्शन किया। वह चयन के निर्धारित समय से मात्र एक सेकंड पीछे रह गईं, जिससे उनका राष्ट्रीय स्तर पर चयन होते-होते रह गया। इसके बावजूद उनके प्रदर्शन को बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। हिमांशी की सफलता पर परिजनों, खेल प्रेमियों और अकादमी के खिलाडिय़ों ने उन्हें बधाई देते हुए भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने की शुभकामनाएं दीं।


