छात्रवृत्ति का पैसा तक खा गई थी सपा सरकार: सीएम योगी
मुख्यमंत्री ने 4.60 लाख से अधिक विद्यार्थियों के खाते में हस्तांतरित किए छात्रवृत्ति के 148

लखनऊ, विशेष संवाददाता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि 2016-17 में अनुसूचित जाति-जनजाति की छात्रवृत्ति नहीं भेजी गई। तत्कालीन सरकार यह छात्रवृत्ति खा गई। 2017 में हमारी सरकार बनी तो हमने एक साथ दो वर्षों की छात्रवृत्ति भेजी। पहले केवल 2900 करोड़ रुपये छात्रवृत्ति दी जाती थी, आज 6200 करोड़ दी जा रही है।
छात्रवृत्ति का लाभ सीधे छात्रों के खाते में
मुख्यमंत्री ने शनिवार को लोकभवन में चालू वित्त वर्ष के लिए पूर्वदशम (9-10) तथा दशमोत्तर कक्षाओं के 4.60 लाख से अधिक विद्यार्थियों के खाते में 148 करोड़ रुपये से अधिक की छात्रवृत्ति/शुल्क प्रतिपूर्ति हस्तांतरित की और 11 विद्यार्थियों को अपने हाथ से छात्रवृत्ति प्रमाण पत्र सौंपा। सीएम ने आश्वस्त किया कि छात्रों के लिए पैसे की कोई कमी नहीं है। हर पात्र बच्चे को छात्रवृत्ति मिलेगी, छूटे हुए बच्चे भी जल्द आवेदन करें। सलाह दी कि छात्रवृत्ति की राशि को खान-पान के बजाय शिक्षा पर खर्च करें। इससे अच्छी पाठ्य पुस्तकें, रेफरेंस बुक खरीदें। पाठ्यक्रम के साथ ही महापुरुषों की आत्मकथा, ज्ञानवर्धक व धार्मिक पुस्तकों को पढ़िए, अपना बुक बैंक बढ़ाइए। सरकार दो करोड़ युवाओं को टैबलेट दे रही है, 60 लाख को मिल चुका है। बाकी को भी जल्द दिया जाएगा।
छात्रवृत्ति वितरण की प्रक्रिया में सुधार
सीएम ने कहा कि पहले 100 में से 60-70 बच्चों को ही छात्रवृत्ति का लाभ मिलता था। बाबू और अन्य लोग इस पर डाका डालते थे, छात्र ठगा रहता था। छात्रवृत्ति के लिए चक्कर लगाने में इससे ज्यादा तो युवाओं का किराया लग जाता था। आज छात्रों के खाते में पैसा भेजा जाता है। सरकार ने छात्रवृत्ति वितरण की समयसीमा तय की है। प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद छात्रवृत्ति की राशि खाते में भेजनी शुरू की गई। तय किया गया है कि 26 जनवरी तक हर हाल में सभी छात्रों तक छात्रवृत्ति पहुंच जाए।
मेधावी बच्चियों के लिए स्कूटी का आयोजन
अगले महीने 50,000 बच्चियों को स्कूटी देंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले जेईई, नीट की तैयारी के लिए युवा दूसरे राज्यों में जाते थे। अब युवा मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग के जरिए इसका लाभ उठा रहे हैं। सीएम ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना व मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अगले महीने 50,000 मेधावी बच्चियों को स्कूटी देंगे।
मंत्रियों के संघर्ष की प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने मंत्रियों के संघर्ष का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने मंच पर बैठे मंत्रियों का उदाहरण देकर युवाओं से कहा कि परिश्रम का कोई विकल्प नहीं होता। प्रयास ईमानदारी से होगा तो परिणाम भी अनुकूल आएगा। उन्होंने कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के संघर्षों का उदाहरण देते हुए कहा कि परिश्रम का परिणाम आता है। राज्यमंत्री संजीव गोंड जंगलों में भटकते थे, उन्हें लगा कि नौकरी के पीछे नहीं भागना है, बल्कि जनता व जनजातीय समुदाय की आवाज उठाना है। मंत्री असीम अरुण आईपीएस के रूप में एडीजी व कानपुर के पुलिस आयुक्त रह चुके हैं। दानिश आजाद अंसारी और नरेंद्र कश्यप भी संघर्ष के साथ सामाजिक कार्य करते रहे। एससी-एसटी आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत पूर्व विधायक/सांसद रहे हैं।
छात्रवृत्ति प्रमाण पत्र वितरण
सीएम के हाथों छात्र रणवीर वर्मा, मिली, अजीत रावत, अंश मिश्रा, अनन्या अवस्थी, अधिकांश वर्मा, करिश्मा, अभिषेक यादव, बुशरा, साइमा, अल कैफ को मंच पर छात्रवृत्ति प्रमाण पत्र मिला।

