पास-आउट छात्रों को स्पेशल मर्सी चांस मिला
फरीदाबाद के जेसी बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय ने ऐसे पास-आउट छात्रों के लिए 'स्पेशल मर्सी चांस' की घोषणा की है जो डिग्री पूरी नहीं कर सके हैं। छात्रों को एक से अधिक सेमेस्टर के विषयों की परीक्षा देने का मौका मिलेगा। आवेदन 5 से 16 अक्टूबर तक करने होंगे।

फरीदाबाद, धनंजय चौहान। जेसी बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए ने डिग्री पूरी न कर पाने वाले पास-आउट छात्रों को एक और अवसर देने की घोषणा की है। विश्वविद्यालय की ओर से ऐसे विद्यार्थियों के लिए ‘स्पेशल मर्सी चांस’ दिया जा रहा है, जिन्होंने डिग्री पूरी करने की निर्धारित अधिकतम समय-सीमा पूरी कर ली है, लेकिन उनके री-अपीयर या बैकलॉग के विषय लंबित हैं। विश्वविद्यालय के अनुसार, इस विशेष अवसर के तहत पात्र पूर्व छात्र एक से अधिक सेमेस्टर के लंबित विषयों की परीक्षा देकर अपनी डिग्री पूरी कर सकेंगे। यह सुविधा वर्ष 2009 में विश्वविद्यालय बनने के बाद दाखिला लेने वाले पात्र पूर्व छात्रों के लिए लागू होगी।
कुलगुरु प्रो. संजय कौशिक ने कहा कि समय-सीमा समाप्त होने के कारण छात्रों की वर्षों की मेहनत व्यर्थ न जाए, इसी उद्देश्य से यह अवसर दिया गया है। इससे पूर्व छात्रों को लंबित बैकलॉग पूरा कर डिग्री हासिल करने का मौका मिलेगा। इस विशेष परीक्षा के लिए पात्र अभ्यर्थियों को 5 अक्टूबर से 16 अक्तूबर तक विश्वविद्यालय की परीक्षा शाखा में ऑफलाइन माध्यम से परीक्षा फॉर्म जमा करना होगा। शुल्क 10 हजार रुपये प्रति छात्र प्रति सेमेस्टर निर्धारित किया गया है। री-अपीयर परीक्षा फॉर्म विश्वविद्यालय की वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकते हैं। परीक्षा की डेटशीट बाद में पोर्टल पर जारी की जाएगी। परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजीव कुमार सिंह ने पात्र पूर्व छात्रों से निर्धारित अवधि में आवेदन जमा करने की अपील की है।--


