ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News देशक्या नई लहर का कारण बनेगा XE वेरिएंट? फैलने में ओमिक्रॉन से 10 गुना आगे, 4 देशों में मिले मरीज

क्या नई लहर का कारण बनेगा XE वेरिएंट? फैलने में ओमिक्रॉन से 10 गुना आगे, 4 देशों में मिले मरीज

XE हाइब्रिड वेरिएंट की पहचान पहली बार ब्रिटेन में 19 जनवरी 2022 को हुई थी। इसके बाद इस वेरिएंट के 637 नए मामले सामने आए। ब्रिटेन और भारत के अलावा इसके मरीज थाईलैंड और न्यूजीलैंड में भी मिल चुके हैं।

क्या नई लहर का कारण बनेगा XE वेरिएंट? फैलने में ओमिक्रॉन से 10 गुना आगे, 4 देशों में मिले मरीज
लाइव हिंदुस्तान,नई दिल्लीFri, 08 Apr 2022 10:45 AM

इस खबर को सुनें

0:00
/
ऐप पर पढ़ें

कोरोनावायरस के नए वेरिएंट XE को लेकर दुनियाभर में चिताएं जारी हैं। इसी बीच भारत में भी इस वेरिएंट का पहला मरीज मिल चुका है। हालांकि, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मुंबई में नए म्यूटेंट का पहला मामला मिलने की खबरों का खंडन किया है। फिलहाल, इस वेरिएंट के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, नए स्वरूप का शिकार हुए मरीजों में कोई गंभीर लक्षण नहीं देखे गए हैं।

क्या है XE वेरिएंट?
XE ओमिक्रॉन के सब वेरिएंट्स (BA.1 और BA.2) का कॉम्बिनेशन है। शुरुआती स्टडीज में पता चला है कि BA.2 की तुलना में XE वेरिएंट की वृद्धि दर 9.8 फीसदी है। BA.2 को स्टील्थ वेरिएंट भी कहा जाता है। इधर, विश्व स्वास्थ्य संगठन का कहना है कि यह पिछले वेरिएंट्स से ज्यादा तेजी से फैलने वाला हो सकता है।

ओमिक्रॉन से कितना खतरनाक?
स्टडीज के अनुसार, यह वेरिएंट BA.2 सब वेरिएंट से 10 गुना ज्यादा तेजी से फैलता है। तेजी से फैलने के चलते यह म्यूटेंट भविष्य में ज्यादा परेशानियां खड़ी कर सकता है। साथ ही इस नए वेरिएंट के चलते कोविड-19 की नई लहर आने का खतरा भी है।

क्या कहते हैं जानकार?
वेल्लूर स्थित क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज की डॉक्टर गगनदीप कांग ने कहा कि नया XE वेरिएंट चिंता की बात नहीं है, क्योंकि ओमिक्रॉन के दूसरे सब-वेरिएंट्स की तुलना में इसके ज्यादा गंभीर होने की संभावना नहीं है। उन्होंने कहा, 'वेरिएंट्स आएंगे, क्योंकि लोग यात्रा कर रहे हैं। हम वेरिएंट XE के बारे में यह जानते हैं कि यह चिंता का विषय नहीं है।' 

उन्होंने बताया, 'हम BA.2 को लेकर चिंतित थे, लेकिन इसने BA.1 से ज्यादा गंभीर बीमारी नहीं फैलाई। XE वेरिएंट BA.1 या BA.2 से ज्यादा गंभीर बीमारी का कारण नहीं है।'

किन देशों में मिल चुका है XE?
XE हाइब्रिड वेरिएंट की पहचान पहली बार ब्रिटेन में 19 जनवरी 2022 को हुई थी। इसके बाद इस वेरिएंट के 637 नए मामले सामने आए। ब्रिटेन और भारत के अलावा इसके मरीज थाईलैंड और न्यूजीलैंड में भी मिल चुके हैं।

XE वेरिएंट के लक्षण क्या हैं?
WHO के अनुसार, फिलहाल, ओमिक्रॉन वेरिएंट के हिस्से के तौर पर XE वेरिएंट की निगरानी की जा रही है। इसका शिकार होने वाले मरीज में ओमिक्रॉन जैसे ही लक्षण नजर आते हैं। इनमें बुखार, गले में खराश, सर्दी और खांसी समेत कई लक्षण शामिल हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें