अमृता विश्व विद्यापीठम में 23 नवंबर से होगा सातवां विश्व भूस्खलन फोरम
फरीदाबाद में 23 से 27 नवंबर तक सातवें विश्व भूस्खलन फोरम का आयोजन होगा, जिसमें 75 से अधिक देशों के विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे। सम्मेलन में जोखिम आकलन, मानचित्रण, रिमोट सेंसिंग और पूर्व चेतावनी प्रणालियों पर चर्चा होगी। कार्यशालाओं में एआई, निसार और सेंटिनल-1 उपग्रहों तथा डिजिटल ट्विन तकनीक पर विचार होगा। भारत में यह सम्मेलन पहली बार आयोजित किया जा रहा है।

फरीदाबाद, अभिषेक शर्मा। भूस्खलन से होने वाली जनहानि और बुनियादी ढांचे को नुकसान से बचाने के लिए दुनिया भर के विशेषज्ञ फरीदाबाद में जुटेंगे। यहां 23 से 27 नवंबर तक सातवें विश्व भूस्खलन फोरम का आयोजन किया जाएगा। अमृता विश्व विद्यापीठम की मेजबानी में होने वाले इस सम्मेलन में 75 से अधिक देशों के वैज्ञानिक, शोधकर्ता, इंजीनियर और नीति-निर्माता आधुनिक तकनीकों और आपदा प्रबंधन के उपायों पर चर्चा करेंगे। भारत में पहली बार इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन हो रहा है। अंतरराष्ट्रीय भूस्खलन संघ के तत्वावधान में होने वाले सम्मेलन में भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन संस्थान और इसरो समेत कई संस्थाएं सहयोग कर रही हैं। अब तक 700 से अधिक शोध सारांश और शोधपत्र जमा हो चुके हैं। इनमें 1900 से अधिक लेखक और 760 से ज्यादा संस्थान शामिल हैं। शोध सारांश जमा करने की अंतिम तिथि 20 अक्तूबर है।
एआई और उपग्रह तकनीक पर होगा मंथन
एआई और उपग्रह तकनीक पर चर्चा
सम्मेलन में भूस्खलन जोखिम का आकलन, जोखिम मानचित्रण, रिमोट सेंसिंग और पूर्व चेतावनी प्रणालियों पर मंथन होगा। 22 नवंबर को होने वाली कार्यशालाओं में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, निसार और सेंटिनल-1 उपग्रहों तथा डिजिटल ट्विन तकनीक पर चर्चा की जाएगी। अमृता विश्व विद्यापीठम वर्ष 2006 से भूस्खलन की निगरानी और पूर्व चेतावनी तकनीकों पर काम कर रहा है। विश्वविद्यालय के अनुसार मुन्नार और सिक्किम में ऐसी प्रणालियां स्थापित की गई हैं। कार्यक्रम से 300 से अधिक सेंसर जुड़े हैं, जबकि पांच हजार से अधिक लोगों के जीवन पर इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। शोधकर्ता देश के 70 से अधिक भूस्खलन प्रभावित स्थलों का अध्ययन कर चुके हैं।
------

