विश्व हिंदू परिषद का स्थापना दिवस धूमधाम मनाया
हरपालपुर में विश्व हिंदू परिषद का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख अनोखेलाल कश्यप ने की। मुख्य वक्ता राजेश ने संगठन के उद्देश्यों और हिंदू समाज को एकजुट करने के महत्व पर प्रकाश डाला। समारोह में कई प्रमुख नेता भी उपस्थित रहे।

हरपालपुर। स्थानीय ब्लॉक सभागार में शुक्रवार को विश्व हिंदू परिषद का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख अनोखेलाल कश्यप ने की, जबकि संचालन जिला विशेष संपर्क प्रमुख कृष्ण कुमार त्रिवेदी द्वारा किया गया। समारोह के मुख्य वक्ता विहिप के क्षेत्र धर्म प्रसार प्रमुख, पूर्वी उत्तर प्रदेश राजेश ने संगठन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि विहिप की स्थापना वर्ष 1964 में कृष्ण जन्माष्टमी के दिन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के दूसरे सरसंघचालक माधवराव सदाशिवराव गोलवलकर की प्रेरणा से हुई थी। उन्होंने कहा कि विहिप का मुख्य उद्देश्य संत-महात्माओं के मार्गदर्शन में विभिन्न जातियों व सामाजिक वर्गों में बंटे हिंदू समाज को एक मंच पर लाना और समाज से छुआछूत व जातिगत भेदभाव को समाप्त कर सामाजिक समरसता कायम करना है।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख संघ के प्रदेश अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह सेनानी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर अवध प्रांत सह मंत्री प्रवीण सिंह, जिलाध्यक्ष आशीष महेश्वरी, जिला संगठन मंत्री अभिषेक, जिला कार्याध्यक्ष मोहित, जिला मंत्री गौरव रहे है।


