गर्भनिरोधक जानकारी से असुरक्षित गर्भपात व उससे होने वाले जोखिम होते हैं कम
महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के सेहत केंद्र ने विश्व गर्भनिरोधक दिवस पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता और विशेष व्याख्यान का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में 25 विद्यार्थियों ने भाग लिया। वक्ता शशि प्रभा ने गर्भनिरोधक दिवस की थीम 'कोई बाधा नहीं, बस विकल्प' को समझाया और सामाजिक मीडिया के प्रभाव पर चर्चा की।
मोतिहारी,निप्र। महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के सेहत केंद्र की ओर से विश्व गर्भनिरोधक दिवस के उपलक्ष्य में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता व विशिष्ट व्याख्यान का आयोजन किया गया। उक्त कार्यक्रम में केंद्रीय विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के विद्यार्थी उपस्थित रहे। वहीं, 25 विद्यार्थियों ने इस प्रश्नोत्तरी एवं विशिष्ट व्याख्यान में शामिल हुए। विशिष्ट वक्ता के रूप में विश्वविद्यालय की छात्र परामर्शदाता शशि प्रभा ने गर्भनिरोधक दिवस मनाने के उद्देश्यों, उस संदर्भ में संचालित विविध गतिविधियों एवं वर्तमान में उसकी आवश्यकताओं पर गहन चिंतन प्रस्तुत किया। गर्भनिरोध से संबंधित विविध प्रश्नों की जिज्ञासा विद्यार्थियों ने भी रखी। जिसे समुचित समाधान शशि प्रभा ने किया।
गर्भनिरोधक दिवस 2026 की थीम
अपने संबोधन में शशि प्रभा ने गर्भनिरोधक दिवस 2026 की थीम 'कोई बाधा नहीं, बस विकल्प: गर्भनिरोधक तक पहुंच अब है' की संकल्पना को भी स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि गर्भनिरोधक जानकारी से असुरक्षित गर्भपात व उससे होने वाले जोखिम कम होते हैं। उन्होंने मुख्य चुनौतियों की चर्चा करते हुए कहा कि 72 प्रतिशत युवा जानकारी के लिए सोशल मीडिया प्लेटफार्म इंस्टाग्राम, रील्स व चैट जीपीटी पर निर्भर हैं। जहां 58 प्रतिशत को भ्रामक जानकारी मिलती है। वहीं 59 प्रतिशत युवतियों को मेडिकल स्टोर से खरीदने में झिझक होती है। प्राइवेसी व शर्म के कारण वे इनसे बचती हैं। उक्त कार्यक्रम में सेहत केंद्र के समन्वयक डॉ.बब्लू पाल,सह समन्वयक डॉ.गोविंद प्रसाद वर्मा, संस्कृत विभाग के सहायक आचार्य डॉ.विश्वजीत बर्मन आदि थे।


