मलेरिया पीड़ित मिले तो 24 घंटे में दें सिविल सर्जन ऑफिस को जानकारी : डीसी

हिन्दुस्तान, जमशेदपुर
Follow us on Google News
share

पूर्वी सिंहभूम जिले में मलेरिया की रोकथाम और नियंत्रण के लिए निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम के प्रबंधन के साथ कार्यशाला का आयोजन किया गया। उपायुक्त ने मलेरिया नियंत्रण के लिए सरकारी और निजी स्वास्थ्य संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया। मरीजों की जांच और उपचार में तेजी लाने के लिए निर्देश दिए गए।

मलेरिया पीड़ित मिले तो 24 घंटे में दें सिविल सर्जन ऑफिस को जानकारी : डीसी

पूर्वी सिंहभूम जिले में मलेरिया की रोकथाम एवं प्रभावी नियंत्रण को लेकर शहर के निजी अस्पतालों एवं नर्सिंग होम प्रबंधन के साथ सोमवार को समाहरणालय सभागार में कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में जिले में मलेरिया की वर्तमान स्थिति, समयबद्ध जांच, सूचना, उपचार एवं निगरानी व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त राजीव रंजन ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि मलेरिया नियंत्रण के लिए सरकारी एवं निजी स्वास्थ्य संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि किसी मरीज में मलेरिया की पुष्टि होती है तो उसकी सूचना 24 घंटे के भीतर सिविल सर्जन कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए तथा उसी अवधि में मरीज का उपचार भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि निजी अस्पतालों या नर्सिंग होम में भी पोटका, डुमरिया, मुसाबनी, घाटशिला, धालभूमगढ़ आदि प्रखंडों से बुखार वाले मरीज अगर आते हैं, तो इसकी सूचना मिलते ही मरीज के आसपास के घरों में मलेरिया जांच को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। ऐसे मामलों में रैपिड डायग्नोस्टिक टेस्ट के माध्यम से शीघ्र जांच कर समय पर उपचार प्रारंभ किया जाए। उपायुक्त ने विश्वास व्यक्त किया कि निजी चिकित्सा संस्थानों और सरकारी संस्थानों के समन्वित प्रयास से जिले में मलेरिया पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा.

मलेरिया मरीज मिले तो उसके घर के पास सघन जांच कराएं

कार्यशाला में बताया गया कि मलेरिया नियंत्रण के लिए 24 घंटे के भीतर केस की सूचना, जांच एवं उपचार, 72 घंटे के भीतर आसपास के अतिरिक्त संभावित मामलों की पहचान एवं उपचार, तथा 7 दिनों के भीतर प्रभावित क्षेत्र में ट्रैकिंग, पड़ोस एवं गांवों में सक्रिय सर्वेक्षण तथा इंडोर रेजिडुअल स्प्रे सहित आवश्यक नियंत्रण उपाय सुनिश्चित किए जाएंगे।

स्वास्थ्य विभाग का पूर्ण सहयोग

सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने सभी निजी अस्पतालों एवं नर्सिंग होम संचालकों से अपील की कि मलेरिया के संदिग्ध मामलों की समय पर जांच, सूचना एवं उपचार सुनिश्चित करते हुए स्वास्थ्य विभाग का पूर्ण सहयोग करें।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

मलेरिया नियंत्रण के लिए क्या कदम उठाए गए हैं?
मलेरिया नियंत्रण के लिए 24 घंटे के भीतर केस की सूचना, जांच एवं उपचार, 72 घंटे के भीतर आसपास के संभावित मामलों की पहचान एवं उपचार, और 7 दिनों के भीतर प्रभावित क्षेत्र में ट्रैकिंग और सक्रिय सर्वेक्षण सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया है।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।