शेड बदलने के दौरान गिरकर मजदूर की मौत
गिरिडीह में एक मजदूर की मौत शेड बदलने के दौरान गिरने से हो गई। मृतक 25 वर्षीय मो शाहबुद्दीन अंसारी था। परिजनों ने फैक्ट्री मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाया है और 20 लाख रुपए मुआवजा की मांग की है। फैक्ट्री मालिक ने 5 लाख रुपए मुआवजे की पेशकश की लेकिन परिजन संतुष्ट नहीं हैं।

गिरिडीह, प्रतिनिधि। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिहोडीह स्थित पवन चूड़ीवाला की अल्यूमिनियम फैक्ट्री में रविवार दोपहर शेड बदलने के दौरान गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक मजदूर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरवाडीह गांधी गली निवासी 25 वर्षीय मो शाहबुद्दीन अंसारी उर्फ पिंकू पिता मो सरफुद्दीन अंसारी है। बताया जाता है कि अल्यूमिनियम फैक्ट्री में पुराना शेड हटाकर नया शेड लगाने का कार्य चल रहा था। मो शाहबुद्दीन अंसारी शेड बदलने के कार्य में लगा था। इसी दौरान ऊंचाई पर काम कर रहे शाहबुद्दीन का पैर फिसल गया और वह नीचे गिर गया जिससे उसे गंभीर चोट लगी। इसके बाद आनन-फानन में उठाकर उसे सदर अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सक ने देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन दौड़ते-भागते सदर अस्पताल पहुंचे। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
परिजनों का आरोप
इधर परिजनों ने फैक्ट्री मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सूचना के बाद भी मालिक मौके पर नहीं पहुंचे। फिलवक्त मृतक का शव सदर अस्पताल में है। परिजन 20 लाख रुपए मुआवजा एवं पांच हजार रुपए प्रतिमाह पेंशन देने की मांग कर रहे हैं और इस मांग पर अड़े हुए हैं। मुफस्सिल थाना के पुअनि संजय कुमार परिजनों की मांग से अल्यूमिनियम फैक्ट्री के मालिक को अवगत करा दिया है। हालांकि फैक्ट्री मालिक पांच लाख रुपए मुआवजा देने को तैयार है। फैक्ट्री मालिक का कहना है कि मृतक उसकी फैक्ट्री का मजदूर नहीं है। शेड बदलने के कार्य का जिस ठेकेदार ने ठेका लिया है वह उसका मजदूर था। देर शाम समाचार लिखे जाने तक मृतक के परिजन अपनी मांग पर अड़े थे और मामला सलट नहीं पाया था।


