महिला कर्मियों ने मांगें पूरी करने को मनाया काला दिवस
गोण्डा में शुक्रवार को आंगनबाड़ी, आशा, रसोइया एवं राष्ट्रीय आजीविका मिशन की महिला कर्मियों ने काला दिवस मनाया। उन्होंने 11 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन डीएम के माध्यम से प्रधानमंत्री को भेजा, जिसमें न्यूनतम 26 हजार मासिक वेतन, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन, और अन्य सुविधाओं की मांग की गई।

गोण्डा, संवाददाता। सीटू से संबद्ध आंगनबाड़ी, आशा, रसोइया और राष्ट्रीय आजीविका मिशन की महिला कर्मियों ने शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार स्थित टीन शेड में काली पट्टी बांधकर काला दिवस मनाया। प्रदर्शन के बाद डीएम के माध्यम से प्रधानमंत्री को 11 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन भेजा गया। महिला कर्मियों ने न्यूनतम 26 हजार मासिक वेतन, राज्य कर्मचारी का दर्जा, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन, ग्रेच्युटी, लंबित मानदेय का तत्काल भुगतान, ई- केवाईसी व एफआरएस व्यवस्था समाप्त करने, कार्यस्थलों पर पेयजल, शौचालय व अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, नियमित सेवा, अवकाश और स्वास्थ्य बीमा जैसी मांगें उठाई। मंडल अध्यक्ष मीनाक्षी खरे, मंडल प्रभारी प्रदीप तिवारी और संयोजक दिलीप शुक्ला ने कहा कि महिला कर्मियों से लगातार जिम्मेदारियां बढ़ाई जा रही हैं, लेकिन उनके अधिकारों की अनदेखी हो रही है।
उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान जिलाध्यक्ष रानी देवीपाल,मधु मिश्रा, कुसुम तिवारी, नीरजा शुक्ला, मुन्नी सिंह, पुष्पा देवी, पूजा पांडेय, मीरा देवी, कमलेश सहित अन्य महिलाएं मौजूद रहीं।


