महिला होमगार्ड जवानों को मिलना चाहिए 50 प्रतिशत आरक्षण : राजीव
बोकारो के सेक्टर 5 में महिला होमगार्ड जवानों की आमसभा आयोजित की गई। महासचिव राजीव तिवारी ने कहा कि संगठन महिला जवानों के हक के लिए संघर्ष कर रहा है। उन्होंने 50% आरक्षण और समान अवसरों की मांग की। सोमवार को ज्ञापन सौंपा जाएगा, अन्यथा अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी गई है।

बोकारो, प्रतिनिधि। सेक्टर 5 पत्थरकट्टा स्थित पुस्तकालय मैदान में रविवार को महिला होमगार्ड जवानों की आमसभा आयोजित हुई। जिसका नेतृत्व झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव राजीव तिवारी ने किया। महासचिव ने कहा कि महिला होमगार्ड जवानों को उनका हक और अधिकार दिलाने के लिए संगठन लगातार संघर्ष कर रहा है। बोकारो जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, संस्थानों एवं विभिन्न ड्यूटी स्थलों पर महिला होमगार्ड जवानों को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिला जवान हर जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा और दक्षता के साथ कर रही हैं, इसलिए उन्हें ड्यूटी आवंटन में समान अवसर मिलना चाहिए।
इस मांग को लेकर सोमवार को जिला समादेष्टा और उपायुक्त बोकारो को ज्ञापन सौंपा जाएगा। यदि एक माह के भीतर मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो महिला होमगार्ड जवानों के साथ संगठन अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। संचालन महिला होमगार्ड अनुराधा कुमारी ने किया। मौके पर चिंता कुमारी, रेखा, अभिलाषा ठाकुर, माया, निधि सिंह, पल्लवी, गायत्री, गीता, प्रमिला, मंजू, विद्या, अनिता, रानी, पूजा, रिंकी, सुमन, ममता, सीमा और संध्या सहित अन्य होमगार्ड जवान उपस्थित थीं।


