शोध: उत्पीड़न के डर से महिलाएं बदल रही हैं रास्ता, समय और परिवहन का साधन

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

-दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन में यौन उत्पीड़न की घटनाओं पर शोध में हुआ खुलासा

शोध: उत्पीड़न के डर से महिलाएं बदल रही हैं रास्ता, समय और परिवहन का साधन

राजधानी के सार्वजनिक परिवहन में महिलाओं को यौन उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है। इसके कारण बड़ी संख्या में महिलाओं को अपने सफर का समय, रास्ता और परिवहन का साधन तक बदलना पड़ रहा है। 27.19 फीसद महिलाओं ने उत्पीड़न के कारण अपने सफर का समय या परिवहन का साधन बदल दिया, जबकि 21.93 फीसद ने अपना रास्ता बदल लिया। वहीं, 9.65 फीसद महिलाओं ने सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल ही बंद कर दिया और निजी वाहन या कैब का सहारा लिया। यह खुलासा अंतरराष्ट्रीय जर्नल ‘द ओरिएंटल एंथ्रोपोलॉजिस्ट’ में जुलाई 2026 में प्रकाशित शोधपत्र ‘द इफेक्ट्स ऑफ सेक्सुअल हैरेसमेंट इन पब्लिक ट्रांजिट स्पेसेज ऑन ट्रैवल बिहेवियर एंड वेल-बीइंग ऑफ यंग वुमन: एक्सपीरियंसेज फ्रॉम दिल्ली सिटी, इंडिया’ में हुआ है। यह शोधपत्र बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के शोधार्थी अटल द्विवेदी और रूही रावत ने तथा दून विश्वविद्यालय के शोधकर्ता अनिरुद्ध कुमार यादव सहित अन्य शोधार्थियों ने लिखा है।

330 महिलाओं पर अध्ययन

इस शोधपत्र के मुख्य लेखक अटल द्विवेदी बताते हैं कि शोध के लिए हमने 330 महिलाओं के सर्वेक्षण और 20 महिलाओं के विस्तृत साक्षात्कार लिया और उनके अनुभवों को शोध में शामिल किया। अध्ययन में शामिल महिलाओं की उम्र 18 से 45 वर्ष के बीच थी। सर्वे में 38.78 फीसद महिलाओं ने बताया कि उन्होंने सार्वजनिक परिवहन में खुद यौन उत्पीड़न का सामना किया। वहीं, 30.30 फीसद महिलाओं ने किसी दूसरी महिला के साथ सार्वजनिक परिवहन में ऐसी घटना होते देखी। साक्षात्कार में उन्होंने बताया कि कैसे उत्पीड़न के अनुभव और उसके डर ने उनके यात्रा करने के तरीके को प्रभावित किया।

यौन उत्पीड़न के प्रकार और स्वरूप

-गलत तरीके से छूना (64.91 फीसद): सार्वजनिक परिवहन में महिलाओं द्वारा झेला जाने वाला सबसे आम उत्पीड़न। भीड़ का फायदा उठाकर निजी अंगों को छूना, कपड़े के अंदर हाथ डालना अश्लील हरकत करना इसके स्वरूपों में शामिल है।

-लगातार घूरना (64.04 फीसद): महिलाओं ने इसे असहज करने वाली लगातार निगरानी के रूप में बताया, जिससे उनकी निजता प्रभावित होती है।

-पीछा करना (44.74 फीसद): मेट्रो या बस से उतरने के बाद सुनसान रास्तों पर महिलाओं का पीछा करना। कुछ मामलों में ब्लेड या हथियार दिखाने जैसी गंभीर घटनाएं भी सामने आईं।

-फब्तियां कसना (40.35 फीसद): यात्रा के दौरान या बस स्टॉप पर महिलाओं पर अश्लील टिप्पणियां करना या फब्तियां कसी गई।

-बातचीत शुरू करने की कोशिश (39.47 फीसद): महिलाओं से जबरन बातचीत शुरू करना, निजी जानकारी या मोबाइल नंबर मांगना।

-अश्लील इशारे (24.56 फीसद): यात्रा के दौरान या सार्वजनिक परिवहन से जुड़े स्थानों पर अश्लील इशारे करना।

-छिपकर देखना (21.05 फीसद): महिलाओं को उनकी जानकारी या सहमति के बिना देखना।

-यौन संबंध की मांग (13.16 फीसद): महिलाओं से सीधे यौन संबंध बनाने की मांग करना।

मेट्रो और बसों में घटनाएं

अध्ययन में 54.39 फीसद उत्पीड़न की घटनाएं दिल्ली मेट्रो में दर्ज की गईं। 51.75 फीसद घटनाएं बसों में हुईं। इसके अलावा 42.11 फीसद महिलाओं ने पैदल चलते समय और 41.23 फीसद ने बस स्टॉप या मेट्रो स्टेशनों पर उत्पीड़न या उसके डर का अनुभव किया।

फर्स्ट और लास्ट माइल भी जोखिम भरा

शोधार्थी अटल द्विवेदी बताते हैं कि महिलाएं केवल मेट्रो या बस के भीतर ही असुरक्षित महसूस नहीं करतीं। यात्रा की शुरुआत और अंत यानी ‘फर्स्ट और लास्ट माइल कनेक्टिविटी’ में भी उत्पीड़न की घटनाएं सामने आईं। 26.32 फीसद घटनाएं ऑटो या टैक्सी में और 12.28 फीसद पार्किंग क्षेत्र में हुईं। करीब आठ फीसद घटनाएं बाइक-टैक्सी में भी दर्ज की गईं।

शाम को सबसे ज्यादा घटनाएं

समय के आधार पर अध्ययन में शाम के समय 142 घटनाएं दर्ज की गईं। इसके बाद रात में 96, दोपहर में 86 और सुबह के समय 64 घटनाएं सामने आईं। साक्षात्कार में महिलाओं ने बताया कि भीड़भाड़ वाले समय में दिन के उजाले में भी गंभीर घटनाएं होती हैं।

मानसिक सेहत पर असर

यौन उत्पीड़न के अनुभव का महिलाओं की मानसिक सेहत पर भी असर पड़ा। 30.70 फीसद पीड़ित महिलाओं ने तनाव और एंग्जायटी की शिकायत की। 20.18 फीसद महिलाओं ने आत्मविश्वास कम होने की बात कही। 19.30 फीसद महिलाएं मानसिक आघात से गुजरीं, जबकि 7.89 फीसद ने अवसाद का अनुभव बताया।

भीड़ कम करने और निगरानी बढ़ाने का सुझाव

शोधकर्ताओं ने सार्वजनिक परिवहन को महिलाओं के लिए सुरक्षित बनाने के लिए भीड़भाड़ वाले समय में बसों और ट्रेनों की संख्या बढ़ाने का सुझाव दिया है। क्योंकि इस समय घटनाएं अधिक हुई हैं। इसके अलावा सुनसान इलाकों, बस स्टॉप और अंडरपास में सीसीटीवी कैमरों तथा पुलिस या मार्शल की तैनाती बढ़ाने पर जोर दिया गया है। अध्ययन में कानूनी व्यवस्था में जवाबदेही तय करने और सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए पुरुषों के व्यवहार में बदलाव की जरूरत भी बताई गई है।

घटना के बाद असुरक्षित व असहाय महसूस करती हैं पीड़िता

शोधकर्ताओं से बातचीत में महिलाओं ने बताया कि उत्पीड़न के दौरान वे अचानक सन्न और असहाय हो जाती हैं और तत्काल प्रतिक्रिया नहीं दे पातीं। कई महिलाएं बस या मेट्रो में गलत तरीके से छूने की कोशिश होने पर अपनी जगह या स्थिति बदल लेती हैं। कुछ ने अकेले बाहर निकलना छोड़ दिया और परिवार या दोस्तों के साथ ही यात्रा करने लगीं। हालांकि, कुछ महिलाओं ने अपराधियों का सामना करने और दूसरी महिलाओं की मदद करने का संकल्प भी जताया। भावनात्मक असर में 66.67 फीसद ने गुस्सा, 56.14 फीसद ने डर, 48.25 फीसद ने चिड़चिड़ापन और 42.98 फीसद ने आत्मसम्मान को ठेस पहुंचने की बात कही।

पीड़िताओं की प्रतिक्रिया

मैं सुबह करीब 10:00 बजे मेट्रो में थी, जो कि आमतौर पर पीक आवर का समय होता है और डिब्बा पूरी तरह खचाखच भरा हुआ था। मुझे महसूस हुआ कि एक आदमी मेरे पीछे खड़ा होकर मुझे छू रहा है। भीड़ की वजह से शुरुआत में मैंने इसे नजरअंदाज किया। लेकिन फिर ऐसा महसूस हुआ कि वह जानबूझ कर कर रहा हैं मैंने उसे धक्का दिया और डांटते हुए कहा,सिर्फ इसलिए कि यहां भीड़ है, तुम्हें लगता है तुम कुछ भी कर सकते हो और कोई ध्यान नहीं देगा? वह बिल्कुल खामोश हो गया और उसने कुछ नहीं कहा।

पीएचडी की शोधार्थी

जब ऑफिस बंद हुआ, तो मैं घर के लिए निकल रही थी। कनॉट प्लेस अंडरपास में, जहां आप 3 या 4 तरफ से एंट्री कर सकते हैं, जिस तरफ से मैं निकली वहां उस वक्त कोई और नहीं था। वहां एक आदमी खड़ा था उसने मुझे देखते ही अपनी पैंट उतार दी। मुझे यह देखकर बहुत ही असहज और असुरक्षित महसूस हुआ मैं बुरी तरह डर गई थी।

कामकाजी महिला

मैं डीयू के हंसराज कॉलेज में पढ़ती हूं। ई रिक्शा से मैं मेट्रो जा रही थी। मैंने ऐसा महसूस किया कि मुझे गलत तरीके से छुआ गया है।

स्नातक की छात्रा

-----------------

सुरक्षित परिवहन अवसरों को भी बढ़ाता है

मुख्य शोधकर्ता अटल द्विवेदी के अनुसार, सुरक्षित और विश्वसनीय परिवहन महिलाओं के लिए केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि शिक्षा, रोजगार, सेवाओं और सामाजिक जीवन तक पहुंच के अवसर भी बढ़ाता है। सार्वजनिक परिवहन में असुरक्षा महिलाओं के यात्रा व्यवहार के साथ शहर के सार्वजनिक जीवन में उनकी भागीदारी को भी प्रभावित करती है। इसलिए समावेशी शहर के लिए परिवहन की उपलब्धता के साथ उसकी गुणवत्ता, पहुंच, सुरक्षा और विश्वसनीयता पर ध्यान जरूरी है। महिलाओं के अनुभवों को परिवहन नियोजन और नीति निर्माण में शामिल करते हुए सुरक्षा को जेंडर-संवेदनशील शहरी नियोजन का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।

सामान्य प्रश्न

✦शोध में महिलाओं की औसत उम्र क्या थी?−
अध्ययन में शामिल महिलाओं की उम्र 18 से 45 वर्ष के बीच थी।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsशोध: उत्पीड़न के डर से महिलाएं बदल रही हैं रास्ता, समय और परिवहन का साधन