महिलाओं को सुबह किराया देकर करना पड़ा सफर, दोपहर को जारी हुआ पिंक टिकट

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

- फ्री सफर के लिए पिंक स्मार्ट कार्ड अनिवार्य किए जाने पर महिलाओं को हुई परेशानी के चलते दी राहत - अब शुक्रवार से से पिंक टिकट के इस्तेमाल पर फुल ब्रेक लगाने की तैयारी नई दिल्ली, हिंदुस्तान टीम।...

 महिलाओं को सुबह किराया देकर करना पड़ा सफर, दोपहर को जारी हुआ पिंक टिकट

- फ्री सफर के लिए पिंक स्मार्ट कार्ड अनिवार्य किए जाने पर महिलाओं को हुई परेशानी के चलते दी राहत - अब शुक्रवार से से पिंक टिकट के इस्तेमाल पर फुल ब्रेक लगाने की तैयारी

नई दिल्ली, हिंदुस्तान टीम।

दिल्ली की बसों में महिलाओं के फ्री सफर के लिए एक अक्तूबर से पिंक स्मार्ट कार्ड अनिवार्य कर दिया गया है। गुरुवार को नई व्यवस्था लागू होने के बाद पहला दिन कैसा रहा। महिला यात्रियों और बस स्टाफ के सामने क्या दिक्कतें आई, इसको लेकर हिंदुस्तान टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर पड़ताल की। इस दौरान पाया गया कि गुुरुवार सुबह महिलाएं डीटीसी की बसों में सवार हुईं तो सिर्फ उन्हीं को फ्री टिकट मिल सका, जिनके पास पिंक स्मार्ट कार्ड मौजूद था। बाकी महिलाओं को किराया देकर टिकट लेना पड़ा। इससे महिलाओं को परेशानी हुई तो संदेश डीटीसी और परिवहन विभाग तक पहुंचा। इसके बाद दोपहर में सभी कंडक्टरों को संदेश दिया गया कि पहले दिन पिंक टिकट को भी जारी रखें। लेकिन अब शुक्रवार से पिंक टिकट पर पूरी तरह ब्रेक लगाने की तैयारी की जा रही है।

पिंक सहेली कार्ड ना होने पर टिकट लेना पड़ा

स्थान: सीलमपुर बस स्टॉप

समय: सुबह आठ बजे

मौजपुर बस स्टैंड से देवी बस सेवा में सवार हुई पूनम ने बताया कि उसे चाणक्यपुरी जाना है। उसने पिंक सहेली कार्ड बनवाया है, लेकिन उसे यह नहीं पता था कि बगैर कार्ड आज से बस में मुफ्त यात्रा नहीं कर सकते। जब वह बस में सवार हुई तो कंडेक्टर ने पिंक सहेली कार्ड दिखाने को कहा। लेकिन कार्ड वह घर पर ही भूल आई थी। इसलिए उन्हें सीलमपुर तक के लिए टिकट लेना पड़ा है। पूनम ने बताया कि इसके बाद उन्होंने बस की बजाय मेट्रो से आगे का सफर पूरा करने का फैसला किया है। पूनम बताया कि हालांकि अकसर वह बस से ही रोजाना अपने कार्य पर चाणक्यपुरी जाती हैं।

नए नियम की जानकारी नहीं, पिंक सहेली कार्ड नहीं था

स्थान: साउथ एक्स

समय: दोपहर 2 बजे

दिल्ली में डीटीसी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की नई व्यवस्था लागू होने के बाद गुरुवार को कई यात्रियों को नए नियम की जानकारी नहीं होने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। पिंक सहेली कार्ड साथ नहीं होने पर महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा नहीं मिल सकी और उन्हें सामान्य यात्री की तरह टिकट लेकर सफर करना पड़ा।

साउथ एक्स बस स्टैंड से बस में सवार हुई दिव्या खजूरिया को हौजखास जाना था। दिव्या ने बताया कि उन्हें अभी तक पिंक कार्ड दिखाने की नौबत ही नहीं आई थी।लिहाजा कार्ड नहीं बनवाया था। अब बस में चढ़ने के बाद कंडक्टर ने मुफ्त यात्रा के लिए पिंक सहेली कार्ड दिखाने को कहा। कार्ड नहीं होने पर उन्हें टिकट लेना पड़ा।

दिव्या के मुताबिक वह रोजाना काम के सिलसिले में बस से ही हौजखास जाती हैं और अब तक महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा का लाभ लेती रही हैं। उनका कहना था कि उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि गुरुवार से मुफ्त यात्रा के लिए पिंक सहेली कार्ड साथ रखना अनिवार्य होगा। दिव्या का कहना है कि अब वह सबसे पहले पिंक कार्ड बनवाएंगी।

पिंक कार्ड न होने पर खरीदना पड़ा टिकट

स्थान: लक्ष्मी नगर बस स्टैंड

समय: दोपहर 3:15 बजे

बसों में महिलाओं के मुफ्त सफर के लिए पिंक कार्ड अनिवार्य हो गया। ज्यादातर महिलाएं इस तथ्य से अवगत हो चुकी है लेकिन कुछ महिलाओं को अभी यह जानकारी नहीं। लक्ष्मी नगर मेट्रो स्टेशन बस स्टैंड पर डीटीसी की बस आकर रुकी। बस का गेट खुलते ही कई यात्री इसमें सवार हुए, जिनमें छह-सात महिला यात्री भी शामिल थीं। इनमें से ज्यादातर महिला यात्रियों को नया नियम मालूम था। इसलिए कंडक्टर की तरफ पिंक कार्ड बढ़ते हुए टिकट मांगा। कंडक्टर ने उन्हें निशुल्क टिकट जारी कर दिया। दो महिला यात्रियों के पास पिंक कार्ड नहीं था। उन्होंने ने कंडक्टर से टिकट मांगा। कंडक्टर ने उनसे पूछा कि पिंक कार्ड नहीं है क्या। महिला यात्री ने इनकार किया तो कंडक्टर ने कहा कि पिंक कार्ड नहीं है तो टिकट का किराया भुगतान करना पड़ेगा। मुफ्त सफर के लिए पिंक सहेली कार्ड बनवाना जरूरी होगा। उन दोनों महिला यात्रियों ने टिकट के किराए का शुल्क भुगतान किया।

बस में भुगतान करना पड़ा किराया

स्थान: सरोजिनी नगर

समय: दोपहर 1:30

बहुत महिला यात्री पिंक सहेली कार्ड साथ लेकर निकलीं। सरोजिनी नगर में महिला बस यात्री रीना ने बताया कि उनके पास पिंक कार्ड है। इसलिए उन्हें कोई दिक्कत नहीं है। गांव से हाल ही में दिल्ली आई उनकी बहन के पास पिंक कार्ड नहीं है। ऐसे में अब वह बस का किराया देने को मजबूर है। उनकी बहन सीमा देवी ने कहा कि उत्तर प्रदेश से दिल्ली बीते तीन माह पहले आई हैं। अभी यहां का कोई पहचान पत्र या आधार कार्ड में पता नहीं बदला है। इस वजह से पिंक कार्ड नहीं बनवा पाई हैं।

फोटो

स्मार्ट कार्ड बनवाने के लिए केंद्रों पर लगी महिलाओं की भीड़

दिल्ली की बसों में फ्री सफर के लिए पिंक स्मार्ट कार्ड अनिवार्य कर दिए जाने के बाद अब फिर से डीटीसी के पास केंद्राें पर महिलाओं की भीड़ लगने लगी है। गुरुवार को हसनपुर डिपो के बगल में बने पास केंद्र पर महिलाओं की लंबी कतार लगी थीं। केंद्र पर काम कर रहे कर्मचारियों ने बताया कि आम दिनों में रोजाना 30-40 महिलाएं पास बनवाने आती थीं, लेकिन गुरुवार को 200 से ज्यादा महिलाएं दोपहर तक आ चुकी हैं। पास केंद्र के बाहर भी करीब 10 मीटर लंबी कतार लगी हुई है। कई महिलाएं ऐसी थीं जिनके घर में बच्चों की देखभाल करने वाला कोई नहीं है, वे अपने बच्चों को साथ लेकर पिंक कार्ड बनवाने पहुंचीं। करीब डेढ़-दो घंटे इंतजार करने के बाद उनका नंबर आया और कार्ड मिल सका। उन्होंने बताया कि पिंक कार्ड केंद्र दो अक्तूबर को भी खुलेंगे, हालांकि हर सोमवार को बंद रहेंगे।

महत्वपूर्ण प्रश्न

✦पिंक स्मार्ट कार्ड क्यों अनिवार्य किया गया है?−
दिल्ली में बसों में महिलाओं के लिए फ्री सफर के लिए पिंक स्मार्ट कार्ड अनिवार्य कर दिया गया है।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsमहिलाओं को सुबह किराया देकर करना पड़ा सफर, दोपहर को जारी हुआ पिंक टिकट