महिलाओं को मिलेगा व्यवसाय का प्रशिक्षण
हल्द्वानी में, सशक्त एकता उद्योग व्यापार मंडल ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए कार्यालय खोला। प्रदेश अध्यक्ष ज्योति अवस्थी ने 12 महीने, 12 रोजगार योजना की घोषणा की, जो विभिन्न स्टार्टअप्स और उद्यमिता का प्रशिक्षण प्रदान करेगा। यह योजना महिलाओं को ऋण और स्वरोजगार सहायता भी मुहैया कराएगी।

पूनम मौर्य हल्द्वानी। महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सशक्त एकता उद्योग व्यापार मंडल उत्तराखंड महिला मोर्चा के प्रदेश कार्यालय का रविवार को उद्घाटन किया गया। महिला प्रदेश अध्यक्ष ज्योति अवस्थी ने कार्यालय का उद्घाटन करते हुए बारह महीने बारह रोजगार योजना की घोषणा की।उन्होंने कहा कि महिलाओं को केवल पारंपरिक रोजगार तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि 12 महीनों में 12 प्रकार के स्टार्टअप, उद्यमिता, मैन्युफैक्चरिंग और व्यवसाय संचालन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि योजना के तहत महिलाओं को स्टार्टअप इंडिया मिशन, एमएसएमई के तहत मिलने वाले बिना गारंटी ऋण व एकल महिला स्वरोजगार योजना से जोड़ने में भी सहायता दी जाएगी।
उनका कहना था कि आत्मनिर्भर महिला ही सशक्त परिवार और समृद्ध समाज की नींव रखती है। कार्यक्रम में संगठन महामंत्री भुवन भट्ट मुख्य अतिथि रहे। इस अवसर पर तरुण वानखेड़े, संजय त्यागी, तेज सिंह कार्की, सीमा बत्रा, संजय बिष्ट सहित संगठन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।


