बहू-बेटी सम्मेलन में महिलाओं को किया जागरूक
हिन्दुस्तान, महाराजगंज
झनझनपुर में मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत बहू-बेटी सम्मेलन आयोजित हुआ, जिसमें महिलाओं व बालिकाओं को महिला अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। उपनिरीक्षक रेखा वर्मा और कांस्टेबल प्रियंका यादव ने छेड़छाड़, दहेज उत्पीड़न और दुष्कर्म जैसे मामलों के बचाव के उपाय बताए। महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई।

झनझनपुर। मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत रविवार को थाना चौक क्षेत्र के दरहटा टोला लालपुर में बहू-बेटी सम्मेलन आयोजित हुआ। उपनिरीक्षक रेखा वर्मा और महिला कांस्टेबल प्रियंका यादव ने महिलाओं व बालिकाओं को महिला अपराधों के प्रति जागरूक किया। टीम ने छेड़छाड़, दहेज उत्पीड़न, दहेज हत्या और दुष्कर्म जैसी घटनाओं से बचाव तथा इनके खिलाफ आवाज उठाने की जानकारी दी। बालिकाओं के घर से बिना बताए चले जाने से होने वाली समस्याओं और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में भी जागरूक किया गया। महिलाओं को 112, 1090, 102, 181, 1930 और 108 हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। साथ ही बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में बताया गया।
टीम ने महिलाओं से किसी भी समस्या या अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस अथवा हेल्पलाइन से संपर्क करने की अपील की।


