नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ जीतिया व्रत, आज होगी पूजा
नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ जीतिया व्रत, आज होगी पूजा नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ जीतिया व्रत, आज होगी पूजा

संतान की दीर्घायु और सुख-समृद्धि को लेकर महिलाओं ने शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ जिउतिया (जीवित पुत्रिका व्रत) शुरू किया। सुबह नदी-तालाब, पोखर आदि में स्नान किया। इसके बाद मंदिरों में जाकर पूजा-अर्चना की। विभिन्न घाटों पर फल्गु में महिलाओं ने स्नान किया। घाट पर ही इस व्रत के विधान के अनुसार पूजा-अर्चना की। सूर्यकुंड में महिलाओं ने स्नान कर आराधना की। शनिवार को दिन भर उपवास रखकर शाम में व्रती श्रद्धा के साथ पारंपरिक तरीके से राजा जीमूत वाहन की पूजा कर संतान की सुख-समृद्धि के साथ लंबी आयु की कामना करेंगी। इसके बाद कथा सुनेगी। रविवार की सुबह पारण के साथ व्रत संपन्न होगा। आज व्रत सर्वोत्तम, कल 7.30 बजे के बाद करें पारण : आचार्य
आचार्य की सलाह
आचार्य नवीनचंद्र मिश्र वैदिक ने बताया कि शनिवार को जीउतिया व्रत सर्वोत्तम है। बताया कि रूपेश महावीर पंचांग के अनुसार तीन अक्तूबर की सुबह 9.54 से लेकर चार की सुबह 7.28 बजे तक, अन्नपूर्णा पंचाग के अनुसार तीन की सुबह 9.54 से लेकर चार अक्तूबर की सुबह 7.28, हृषिकेश हरिहर के अनुसार 9.54 से लेकर 7.28, बजे तक अष्टमी तिथि व्याप्त है। इसलिए तीन अक्तूबर शनिवार को ही अष्टमी तिथि में प्रदोष काल (शाम में) व्रत की पूजा सर्वोत्तम है। चार अक्तूबर रविवार की सुबह 7.30 बजे के बाद पारण करना उत्तम होगा।
सब्जी मंडी की चहल-पहल
झिंगुनी 200 तो 120 रुपये प्रतिकिलो लाल साग बिका
नहाय-खाय को लेकर सुबह सब्जी मंडी में विशेष चहल-पहल रही। सब्जी के अलावा फल मंडी में खरीदारों की भीड़ रही। इस व्रत के लिए महत्वपूर्ण खीरा, लाल साग, झिंगुनी, मड़ुआ का अट्टा, पोंई का पत्ता, कंदा, कद्दु आदि हरी सब्जियों की खूब बिक्री हुई। इस बार सबसे महंगा 200 रुपये किलो झिंगुनी व 120 रुपये प्रतिकिलो लाल साग बिका। इसके अलावा अन्य सब्जी की कीमत में काफी तेजी रही। फल की दुकानों पर भी भीड़ रही। इस त्योहार के लिए प्रमुख जीतिया बनवाने के लिए ज्वेलरी की दुकानों पर भीड़ देखी गई। महिलाएं अपनी मनपसंद की जीतिया बनवातीं नजर आईं। शहर के टावर चौक, राजेंद्र आश्रम, दिग्घी तालाब मोड़ सहित अन्य चौक-चौराहों पर धागे में जीतिया बनवाने के लिए अस्थायी दुकानों पर महिलाओं की भीड़ रही。


