डीडीएम ने महिला को पीछे से मारी टक्कर, हालत गंभीर
टांडा में एक तेज रफ्तार डीसीएम ने पैदल जा रही शाइस्ता परवीन (45) को टक्कर मारी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके भाई और भाभी बाल-बाल बच गए। परिजन घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें दिल्ली के हायर सेंटर रेफर किया गया।

टांडा में रामपुर मार्ग पर तहसील के सामने देर रात तेज रफ्तार डीसीएम ने पैदल जा रही महिला को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि उसके साथ चल रहे भाई और भाभी बाल-बाल बच गए। घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे उपचार के लिए दिल्ली ले गए हैं। जनपद मुरादाबाद के हरथला निवासी शाइस्ता परवीन (45) अपने मायके नगर के मोहल्ला भब्बलपुरी में आई हुई थी। वह अपने भाई भब्बलपुरी निवासी सारिक और भाभी सना के साथ रामपुर मार्ग स्थित अन्य परिजनों से मिलने गई थी।
देर रात तीनों पैदल वापस लौट रहे थे। बताया गया कि जैसे ही तीनों रामपुर मार्ग पर तहसील के सामने बने प्याऊ के पास पहुंचे, तभी रामपुर की ओर से आ रहे डीसीएम के चालक ने पीछे से शाइस्ता परवीन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं, उसके भाई सारिक और भाभी सना हादसे में बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों की मदद से घायल महिला को सीएचसी पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे दिल्ली ले गए, जहां उसका उपचार चल रहा है


