पुलिस की तत्परता से मिला खोया कीमती बैग
सौरिख में एक महिला का बैग, जिसमें 6 हजार रुपए, सोने का ब्रेसलेट और मोबाइल था, नाश्ता करते समय गायब हो गया। पुलिस ने कड़ी मेहनत और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर बैग बरामद किया। महिला ने बैग मिलने पर राहत की सांस ली और पुलिस टीम की सराहना की।

सौरिख, संवाददाता। फर्रुखाबाद जनपद के गदनपुर गांव निवासी महिला शुक्रवार को इटावा मायके से भाई के साथ बाइक से ससुराल जा रही थी, तभी रास्ते में नाश्ता करने के दौरान रुपयों एवं जेवरात से भरा बैग गायब हो गया था। सूचना मिलते ही पुलिस ने बैग की तलाश कर शनिवार को बैग महिला के सुपुर्द कर दिया। बैग मिलते ही महिला के चेहरे पर मुस्कान वापस लौट आई। फर्रुखाबाद के जहानगंज थाना क्षेत्र के गदनपुर गांव निवासी मुक्तेश पांडेय की पत्नी पारुल पांडेय अपने भाई के साथ शुक्रवार को मायके इटावा से बाइक से ससुराल जा रही थीं। रास्ते में सौरिख के पास शाम करीब 8 बजे दोनों नाश्ता करने के लिए रुके।
इस दौरान उन्होंने अपना बैग पास में ही रख दिया और नाश्ता करने के बाद जल्दबाजी में बैग वहीं भूलकर चले गए। कुछ दूर जाने के बाद बैग की याद आई तो वे वापस उसी स्थान पर पहुंचे, लेकिन वहां से बैग गायब था। आसपास के लोगों व दुकानदारों से पूछताछ करने पर भी बैग का कोई सुराग नहीं लगा। महिला ने थाने पहुंचकर बैग में लगभग 6 हजार रुपए नकद, एक सोने का ब्रेसलेट, लगभग 50 हजार रुपए कीमत का मोबाइल और कुछ श्रृंगार का सामान होने की शिकायत करते हुए बैग खोजने की गुहार लगाई थी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह अपने हमराही कांस्टेबल गोविंद सिंह, मनोज कुमार, अजय सिंह, सचिन कुमार व महिला कांस्टेबल भावना पुष्कर के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। कड़ी छानबीन के बाद पुलिस ने महिला का बैग बरामद कर लिया और उसे सुरक्षित पीडि़ता के सुपुर्द कर दिया। अपना खोया सामान वापस पाकर महिला व उसके परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम की सराहना की।

