शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म
गुरुग्राम में एक युवती ने शादी का झांसा देकर तीन साल तक दुष्कर्म करने और पैसे ऐंठने का मामला दर्ज कराया है। आरोपी ने 25 वर्षीय युवती को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गुरुग्राम, गौरव चौधरी। शादी का झांसा देकर एक युवती के साथ साढ़े तीन साल तक दुष्कर्म करने, पैसे ऐंठने और जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना सेक्टर-51 पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संगीन धाराओं के तहत गुरुवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार गुरुग्राम की रहने वाली 25 वर्षीय युवती की पहचान करोल बाग दिल्ली निवासी एक युवक से हुई थी। आरोप है कि युवक ने पीड़िता को शादी का झांसा दिया और एक जनवरी 2023 से 20 जून 2026 के बीच सेक्टर-67 स्थित सोसाइटी के एक फ्लैट में ले जाकर उसके साथ बार-बार शारीरिक संबंध बनाए।पीड़िता
का आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने शादी का झांसा देकर उससे मोटी रकम भी ऐंठ ली। जब युवती ने उस पर शादी करने का दबाव बनाया, तो आरोपी अपने वादे से मुकर गया और पीड़िता को जान से मारने की धमकियां देने लगा। परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जांच अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।


