मऊ एक्सप्रेस के नीचे मिली घायल महिला, ट्रैक रहा बाधित
फिरोजाबाद रेलवे यार्ड के पास सोमवार शाम को मऊ एक्सप्रेस के नीचे एक 42 वर्षीय महिला घायल अवस्था में मिली। रेलवे अधिकारियों ने तुरंत स्थिति संभाली और महिला को अस्पताल पहुंचाया। उसके पास कोई ट्रेन टिकट नहीं था और घटना को ट्रैक पर अनधिकृत प्रवेश के रूप में दर्ज किया गया।

फिरोजाबाद रेलवे यार्ड के पास सोमवार शाम को मऊ एक्सप्रेस के नीचे एक महिला घायल अवस्था में मिली। सूचना मिलने पर रेलवे अधिकारियों में खलबली मच गई। आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और महिला को बाहर निकालकर एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। करीब छह मिनट तक ट्रैक बाधित रहा। सोमवार शाम 4.23 बजे आरपीएफ और रेलवे अधिकारियों को किलोमीटर संख्या 1233/10 पर मऊ एक्सप्रेस की डाउन लाइन पर महिला के घायल होने की सूचना मिली। कुछ ही मिनट में आरपीएफ के सहायक उपनिरीक्षक प्रभु दयाल मीणा और कांस्टेबल योगेश यादव मौके पर पहुंच गए। जीआरपी फिरोजाबाद की टीम और रेलवे के परिचालन स्टाफ ने भी मौके पर पहुंचकर महिला को ट्रैक के बीच से बाहर निकाला।
घायल महिला को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया।जीआरपी की महिला कांस्टेबल दीक्षा ने महिला की तलाशी ली लेकिन उसके पास ट्रेन में यात्रा करने संबंधी कोई टिकट नहीं मिला। सूचना मिलने पर महिला का पति संजय कुमार भी जिला अस्पताल पहुंचा और उसने घायल महिला की पहचान 42 वर्षीय अपनी पत्नी सुषमा देवी के रूप में की। घटना के कारण ट्रैक करीब छह मिनट तक प्रभावित रहा। आरपीएफ ने मामले को ट्रैक पर अनधिकृत प्रवेश (ट्रेसपास) की घटना के रूप में दर्ज किया है।


